MUZAFFARPUR : सर्फुदीनपुर पंचायत में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक पैक्स चुनाव संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक हुए मतदान में कुल 2,167 मतदाताओं में से 1,239 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत 57.18 रहा।

शाम 7 बजे से प्रखंड मुख्यालय सभागार में मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए कुल 6 उम्मीदवार मैदान में थे। देर रात तक चली गिनती में आनंद किशोर चौधरी ने 37 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 330 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजीव कुमार को 293 वोट प्राप्त हुए। चुनाव में 50 मत अमान्य घोषित किए गए, जिससे मुकाबला और रोमांचक हो गया।

इस चुनाव की एक और खास बात यह रही कि लगातार तीन बार पैक्स अध्यक्ष रहे रेबच्चा बानू चौधरी ने इस बार अपने पुत्र निखिल कुमार को चुनावी मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। निखिल कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

अब सबकी नजर नए अध्यक्ष आनंद किशोर चौधरी पर है, जिनसे पंचायतवासी विकास की नई उम्मीदें लगाए बैठे हैं।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD