पटना – मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे बेऊर जेल से रिहा हो गए। कोर्ट के आदेश के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जेल प्रशासन ने उन्हें छोड़ दिया। उनकी रिहाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक जेल गेट पर जुटे और उनका स्वागत किया।

जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में मोकामा से जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। इससे पहले उन्हें पटना हाईकोर्ट से नियमित जमानत मिली थी, जिसके बाद उन्होंने पटना सिविल कोर्ट स्थित एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में बेल बॉन्ड दाखिल किया।

उनके अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बेल बॉन्ड स्वीकार होने के बाद विशेष न्यायाधीश ने रिहाई का आदेश जारी किया। अनंत सिंह जेल में डिवीजन वार्ड में बंद थे। उनकी रिहाई और राजनीतिक घोषणा के बाद मोकामा की सियासत एक बार फिर गर्मा सकती है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD