बिहार पुलिस के एक और वरिष्ठ अधिकारी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जहानाबाद में पदस्थापित डीएसपी संजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में केस दर्ज कर विशेष निगरानी इकाई (SVU) द्वारा शुक्रवार को पटना, खगड़िया और जहानाबाद स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डीएसपी संजीव कुमार पर एक करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है, जो उनकी ज्ञात वैध आय से कई गुना अधिक बताई जा रही है। निगरानी इकाई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) और बीएनएस 2023 की धारा 61(2)(A) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

छापेमारी के दौरान डीएसपी के सरकारी और निजी परिसरों के साथ-साथ उनके मकान में किराए पर संचालित एक निजी अस्पताल – नेक्टर हॉस्पिटल – की भी जांच की जा रही है। निगरानी टीम ने अस्पताल संचालक और डीएसपी के कर्मचारियों से विभिन्न दस्तावेजों की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार, संजीव कुमार ने खगड़िया में नगर थाना प्रभारी के कार्यकाल के दौरान संपत्ति अर्जित की थी। वहां उन्होंने जमीन खरीदी और धीरे-धीरे एक भव्य मकान का निर्माण कराया। वह मूल रूप से वैशाली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

इस छापेमारी की कार्रवाई से बिहार पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। हालांकि फिलहाल बरामद दस्तावेजों और सामग्रियों की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है, लेकिन संभावना है कि दिन के बाद के हिस्से में कुछ अहम खुलासे हो सकते हैं।

Input : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD