पटना: मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार (P&SNCB) की ओर से रविवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना में मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं नशा मुक्ति विषय पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के लगभग 800 नवप्रवेशी (फ्रेशर्स) विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. त्रिलोकनाथ सिंह, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के डीआईजी अजय कुमार पांडेय, एएसपी इमरान परवेज, वरीय पुलिस उपाधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रमेश कुमार मिश्रा समेत विभाग के कई अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने छात्रों को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही नशे की रोकथाम, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के समापन पर भारत सरकार द्वारा निर्धारित “नशा मुक्ति शपथ” दिलाई गई। इस दौरान सभी विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। जागरूकता ही नशा मुक्त भारत की दिशा में सबसे प्रभावी कदम है।













