पटना। बिहार सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुलभ बनाते हुए एक अहम फैसला लिया है। अब राज्य के बुजुर्गों को इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सात निश्चय पार्ट-3 के तहत “सबका सम्मान–जीवन आसान” उद्देश्य के अंतर्गत जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को घर बैठे अत्यावश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि इस योजना के तहत बुजुर्गों को उनके घर पर ही पैथोलॉजी जांच, ब्लड प्रेशर और ईसीजी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही आपात स्थिति में डॉक्टर घर पर ही पहुंचकर इलाज करेंगे और नर्सिंग सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बुजुर्गों को घर बैठे मिलेंगी ये सुविधाएं
• नर्सिंग सहायता
• घर पर पैथोलॉजी जांच
• ब्लड प्रेशर जांच
• ईसीजी जांच
• फिजियोथेरेपी की सुविधा
• आपातकालीन स्थिति में सभी प्रकार की चिकित्सकीय सहायता

जनता से मांगे गए सुझाव
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि सात निश्चय के तहत लोगों का जीवन और आसान बनाने के लिए सरकार जनता से सुझाव भी मांग रही है। इसके लिए एक QR कोड जारी किया गया है, जिसे स्कैन कर आम लोग सरकार को नई सुविधाओं से जुड़े सुझाव दे सकते हैं।

सीएम नीतीश का संदेश
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि 24 नवंबर 2005 से उनकी सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। हर समाज के लोग सम्मान के साथ और आसानी से जीवन यापन कर सकें, इसी उद्देश्य से सरकार गंभीरता से योजनाओं को लागू कर रही है।
बुजुर्गों के लिए शुरू की जा रही यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाएगी, बल्कि उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन देने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।









