पटना में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी में ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद राय की काली कमाई का राज़ सामने आया। कार्रवाई से पहले पकड़े जाने के डर से इंजीनियर ने अपने घर में रातभर 2 से 3 करोड़ रुपये के नोट जला डाले। इसके बावजूद जांच टीम ने उनके घर से 39 लाख रुपये नगद, करीब साढ़े 12 लाख रुपये के अधजले नोट और बाथरूम व पाइप से जली हुई करेंसी के अवशेष बरामद किए।

जानकारी के अनुसार, विनोद राय बीते गुरुवार रात सीतामढ़ी से भारी कैश लेकर पटना पहुंचे थे। EOU को इसकी भनक लग गई और रात में ही छापेमारी टीम उनके भूतनाथ रोड स्थित आवास पर पहुंच गई। लेकिन उनकी पत्नी ने दरवाज़ा खोलने से मना कर दिया और खुद को घर में अकेली बताकर जांच टीम को रोके रखा। इसी दौरान ऊपर के कमरे में इंजीनियर नोट जलाता रहा।

सुबह जब टीम घर के अंदर दाखिल हुई तो वहां का नज़ारा चौंकाने वाला था। कई जगह नोटों की राख फैली थी, बाथरूम की पाइप और पानी की टंकी से जली हुई करेंसी निकली। इसके अलावा 26 लाख रुपये के गहने, 18 ज़मीन-जायदाद के कागजात, 15 बैंक खातों की डिटेल, बीमा पॉलिसी व अन्य निवेश से जुड़े कागजात भी मिले। शुरुआती अनुमान है कि इंजीनियर के पास बाजार मूल्य पर लगभग 100 करोड़ की संपत्ति है।

EOU ने सबूत मिटाने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप में विनोद राय और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया। हालांकि पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में आगे प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भी एंट्री हो सकती है।

Input : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD