होली और ईद के त्योहारों को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने प्रवासी बिहारियों के लिए बड़ी सुविधा का ऐलान किया है। निगम 23 फरवरी से 23 मार्च तक कुल 200 विशेष अंतरराज्यीय बसों का संचालन करेगा। इनमें सबसे ज्यादा 62 बसें बिहार–दिल्ली मार्ग पर चलेंगी। इन बसों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग 5 फरवरी से शुरू हो चुकी है।

बीएसआरटीसी ने प्रमुख रूटों की समय-सारिणी के साथ-साथ सब्सिडी युक्त किराया भी जारी कर दिया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार पटना–दिल्ली मार्ग पर एसी सीटर बस का किराया 1,254 रुपये और एसी स्लीपर बस का 1,893 रुपये तय किया गया है। इस रूट पर सरकार क्रमशः 619 रुपये और 919 रुपये की सब्सिडी दे रही है। बसें पटना के गांधी मैदान बस स्टैंड से सुबह 11:30 बजे और दिल्ली से दोपहर 1 बजे रवाना होंगी।

गयाजी–दिल्ली मार्ग पर एसी सीटर बस 1,158 रुपये और एसी स्लीपर 1,747 रुपये में उपलब्ध होगी। वहीं मुजफ्फरपुर–दिल्ली रूट पर सब्सिडी के बाद एसी सीटर का किराया 1,121 रुपये और एसी स्लीपर का 1,692 रुपये निर्धारित किया गया है।

अन्य रूटों की बात करें तो पूर्णिया–अंबाला एसी सीटर बस का किराया 1,563 रुपये, जबकि पटना–अंबाला एसी सीटर का टिकट 1,334 रुपये रखा गया है। मुजफ्फरपुर–रांची एसी सीटर बस दोनों ओर शाम 6:30 बजे चलेगी, जिसमें यात्रियों को केवल 438 रुपये देने होंगे। मधुबनी से पानीपत (हरियाणा) जाने के लिए किराया 1,345 रुपये तय किया गया है।

त्योहारी सीजन में दिल्ली के लिए 62, हरियाणा के लिए 40, झारखंड के लिए 10, पश्चिम बंगाल के लिए 5 और उत्तर प्रदेश के लिए 2 बसें चलाई जाएंगी। निगम का कहना है कि नियंत्रित किराये के कारण निजी बस ऑपरेटर मनमाना भाड़ा नहीं वसूल पाएंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए सभी बसों में यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और ऑन-स्पॉट ई-टिकटिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। बीएसआरटीसी की यह पहल ट्रेन टिकट न मिलने की परेशानी से राहत देगी और त्योहारों के दौरान यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी।










