बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बार फिर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यहां निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने महिला थाना प्रभारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी को उनके चालक गुड्डू कुमार के साथ 20 हजार रुपये की घूस लेते पकड़ा गया। छापेमारी के दौरान दोनों को महिला थाना परिसर से हिरासत में लिया गया।

निगरानी डीएसपी राजेश कुमार के अनुसार, मोतिहारी की रहने वाली पुतुल कुमारी वर्तमान में समस्तीपुर महिला थाना में पदस्थापित थीं। छतौना गांव निवासी राजीव रंजन ने निगरानी विभाग को शिकायत दी थी कि थानाध्यक्ष ने एक महिला की ओर से दिए गए आवेदन पर कार्रवाई के नाम पर उनसे 40 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में समझौता 20 हजार में तय हुआ।

शिकायतकर्ता राजीव रंजन ने बताया कि गांव की पूजा कुमारी नामक महिला उन्हें बार-बार परेशान कर रही थी। इसको लेकर उन्होंने स्थानीय मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन महिला थाने से 1 जुलाई का नोटिस उन्हें 7 जुलाई को मिला। जब वे 8 जुलाई को थाने पहुंचे, तो थानाध्यक्ष ने उन्हें डांट-फटकार लगाई और मामले को निपटाने के लिए पैसे की मांग की।

राजीव रंजन ने 10 जुलाई को निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में मामला सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप बिछाकर शनिवार को आरोपी थानाध्यक्ष को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। महिला अफसर को पूछताछ के लिए निगरानी कार्यालय ले जाया गया है।

डीएसपी राजेश कुमार ने जानकारी दी कि आरोपी थानाध्यक्ष और उसके सहयोगी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD