बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2020) में इस बार बीजेपी सवर्णों को साधने की कोशिश में है. पार्टी द्वारा मंगलवार की देर रात जारी की गई प्रत्याशियों की पहली सूची से इस बात के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं. पार्टी ने सवर्णों की नाराजगी को दूर करने को लेकर इस बार व्यापक तौर पर कदम उठाए हैं. पहले चरण के लिए जारी की गई 27 उम्मीदवारों की सूची में से अधिकांश उम्मीदवार सामान्य जाति (Upper Caste) से हैं, ऐसे में इसे पार्टी द्वारा सवर्ण वोटरों का विश्वास जीतने की कोशिया से जोड़कर देखा जा रहा है.
बीजेपी ने मंगलवार को पहले फेज के लिए जिन 27 चेहरों को लेकर अपनी पहली सूची जारी की है उनमें से 16 उम्मीदवार उंची जाति से हैं जो भूमिहार, राजपूत, ब्राह्मण या फिर कायस्थ बिरादरी से आते हैं. इसके साथ ही ओबीसी, दलित और अति पिछड़ों को भी साधने की कोशिश की गई है. भाजपा ने सर्वाधिक 7 टिकट राजपूतों को दिए हैं, तो 6 भूमिहार और 3 ब्राह्मणों को भी टिकट देकर पार्टी ने अपने परंपरागत वोट बैंक यानी सवर्ण समाज को खासा महत्व दिया है.
पार्टी ने भूमिहार समाज से जिन चेहरों को मैदान में उतारा है, उनमें लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा (जो कि नीतीश सरकार में मंत्री भी हैं), बिक्रम सीट से अतुल कुमार, भोजपुर की तरारी सीट से कौशल कुमार सिंह उर्फ कौशल विद्यार्थी, गोह सीट से मनोज कुमार शर्मा, नवादा की वारसलीगंज से अरुणा देवी और हिसुआ सीट से अनिल कुमार सिंह शामिल हैं. राजपूत बिरादरी की बात करें तो पार्टी ने राजपूत समाज के लोगों को भी इस सूची में जगह दी है. राजपूत बिरादरी से जिन बड़े चेहरों को पार्टी ने टिकट दिया है, उनमें बाढ़ सीट से ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ज्ञानू, भोजपुर के बड़हरा से राघवेंद्र प्रताप सिंह, आरा सीट से अमरेन्द्र प्रताप सिंह, औरंगाबाद से रामाधार सिंह के अलावा पहली बार चुनावी मैदान में उतरी जमुई सीट से अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह जैसे नाम शामिल हैं.
बीजेपी ने 3 यादव समाज के प्रत्याशियों को भी टिकट दिया है. इसके अलावा 3 अनुसूचित जाति के प्रत्याशी भी टिकट पाने में सफल रहे हैं. पार्टी की पहली सूची में एक आदिवासी, एक वैश्य, एक बिंद, एक दांगी और एक चंद्रवंशी समाज के भी उम्मीदवार को जगह मिली है. मालूम हो कि बिहार में पहले फेज की वोटिंग 28 अक्टूबर को होनी है. ऐसे में पार्टी पहले फेज से ही समाज के सभी वर्ग को खास लेकर चलने का मैसेज देना चाह रही है.
Input: News18






