MUZAFFARPUR : बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा आयोजित 71वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा आगामी 13 सितंबर 2025 को जिले के 32 परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में दोपहर 12 बजे से अपराह्न 2 बजे तक होगी। परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतज़ाम किए हैं।
अधिकारियों ने की संयुक्त ब्रीफिंग
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने समाहरणालय सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग कर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोग की मार्गदर्शिका और दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा।

प्रतिबंधित सामग्री पर सख्त रोक
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की सुचिता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, सामान्य/स्मार्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक वस्तु पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा व्हाइटनर, इरेज़र और ब्लेड जैसी सामग्री भी ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

यदि किसी परीक्षार्थी से प्रतिबंधित वस्तु बरामद होती है तो उसे गंभीर कदाचार माना जाएगा। ऐसे अभ्यर्थियों को न केवल इस परीक्षा से वंचित किया जाएगा बल्कि आयोग की आगामी 5 वर्षों की परीक्षाओं से भी प्रतिबंधित किया जाएगा। साथ ही, अफवाह फैलाने वाले अभ्यर्थियों पर भी कार्रवाई होगी और उन्हें 3 वर्षों तक परीक्षा देने से रोका जाएगा।

प्रवेश व्यवस्था और फ्रीस्किंग
सुबह 9:30 बजे से ही सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ाई से फ्रीस्किंग की जाएगी।
• परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल 11:00 बजे तक ही मिलेगा।
• इसके बाद किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी सह प्रेक्षक और पुलिस पदाधिकारी को इस व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

सीसीटीवी और जैमर से निगरानी
कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल जैमर और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था की गई है।
जिले में परीक्षा की सतत निगरानी के लिए समाहरणालय सभा कक्ष के ऊपरी तल पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इसका प्रभार जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) को सौंपा गया है। आवश्यक संपर्क हेतु मोबाइल नंबर 9798386693 और 6204557794 जारी किए गए हैं।

विधि-व्यवस्था के लिए विशेष इंतज़ाम
• परीक्षा अवधि में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्षेत्र की विधि-व्यवस्था संभालेंगे।
• सभी परीक्षा केंद्रों के चारों ओर BNSS-163 लागू करने और नियमित गश्ती का आदेश दिया गया है।
• अपर समाहर्ता (राजस्व) और पुलिस उपाधीक्षक (विशेष अपराध एवं कमजोर वर्ग) परीक्षा अवधि में विशेष निगरानी व समन्वय करेंगे।

मुजफ्फरपुर जिले के 32 परीक्षा केंद्र
1. मुखर्जी सेमिनरी, हरी सभा चौक
2. अबेदा उच्च विद्यालय, पक्की सराय
3. विद्या विहार उच्च विद्यालय, माल गोदाम चौक
4. चैपमैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, हाथी चौक
5. राधा कृष्ण केडिया बालिका उच्च विद्यालय, गोला रोड
6. महंथ दर्शन दास महिला कॉलेज, क्लब रोड, मिठनपुरा
7. तिरहुत अकैडमी, अघोरिया बाजार
8. महिला शिल्प कला भवन महाविद्यालय, बनारस बैंक चौक
9. लंगट सिंह महाविद्यालय
10. द्वारकानाथ उच्च विद्यालय, गोला रोड
11. नितिश्वर कॉलेज, रमना
12. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय, दीवान रोड
13. रामदयालु सिंह महाविद्यालय, रामदयालु नगर
14. महेश प्रसाद सिंह साइंस महाविद्यालय, गोबरसही
15. मारवाड़ी उच्च विद्यालय, चंदवारा
16. बीबी कॉलेजिएट, मोतीझील
17. आरबीबीएम कॉलेज, यूनिवर्सिटी रोड
18. रामेश्वर सिंह महाविद्यालय, सिकंदरपुर बांध
19. एलएनटी कॉलेज, अघोरिया बाजार
20. राधा देवी बालिका उच्च विद्यालय, सिकंदरपुर
21. डॉल्फिन पब्लिक स्कूल, मालीघाट
22. रिजोनेंस इंटरनेशनल स्कूल, खबड़ा
23. क्राइस्ट ज्योति इंटरनेशनल विद्यालय, माधोपुर सुस्ता
24. लाइसीयम इंटरनेशनल स्कूल, मिठनपुरा
25. एस.आर.टी. पब्लिक स्कूल, संजय सिनेमा रोड, राहुल नगर
26. डीएवी पब्लिक स्कूल, दरभंगा रोड, बखरी
27. सेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल, डुमरी
28. बीपी इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल, मिठनपुरा
29. सेंट जेवियर जूनियर/सीनियर स्कूल, गौशाला रोड
30. सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल, कोल्हुआ पैगंबरपुर
31. सेक्रेड हार्ट स्कूल, मालीघाट चौक
32. साइन मिलेनियम स्कूल, माधौल, एनएच 77
अधिकारियों ने सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी, निष्पक्षता और सजगता के साथ निभाने का निर्देश दिया। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई कि वे परीक्षा में अनुशासन और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।







