मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में 15 साल तक पति-पत्नी का शासन रहा। कुछ लोग फिर से सत्ता चाहते हैं। जिससे माल कमाएं। हमलोग काम करते हैं। बाकी लोग माल बनाना चाहते हैं। किसी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि कुछ लोग अनाप-शनाप बोलते रहते हैं। हम उनपर ध्यान नहीं देते।
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बेलागंज, इमामगंज और औरंगाबाद में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के लिए सीमित परिवार है लेकिन हमारे लिए पूरा बिहार एक परिवार है। मैंने पूरे बिहार की सेवा की है। मैंने आज तक अपने स्वार्थ के लिए कोई काम नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय के साथ विकास का वादा पूरा किया। लोग उल्टा-सीधा बयान देकर अपना प्रचार पाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबी के कारण बेटियां पढ़ नहीं पाती थीं। पोशाक योजना शुरू की। अब पढ़ाई में लड़िकयां आगे आ रही हैं। इस बार मैट्रिक परीक्षा में लड़कियों की संख्या लड़कों से ज्यादा रही है। जनप्रतिनिधि के तौर पर महिलाएं न के बराबर थीं। पंचायती राज में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया। स्वयं सहायता समूह का गठन किया। जीविका योजना की शुरुआत करायी। लक्ष्य रखा था दस लाख का। एक करोड़ 20 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ गयी हैं। उनमें जागृति आयी है। जिनको 15 साल मौका मिला, उन्होंने कुछ नहीं किया।
Input: Live Hindustan







