बिहार में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी उस वक्त देखने को मिली जब राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर रहे थे और उससे कुछ देर पहले ही हाल की सबसे बड़ी लूट की घटना हो गई। बुधवार को सुबह 10.30 बजे अपराधियों ने दरभंगा में टाउन थाना से मात्र 800 मीटर की दूरी पर ज्वेलरी शॉप से 10 करोड़ की लूट की घटना को अंजाम दिया और फायरिंग करते हुए निकल गए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी बाबू राम और सिटी एसपी अशोक प्रसाद मौके पर पहुंच गए। इतनी बड़ी वारदात और फायरिंग की खबर पाते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी पहुंच गए। देखते ही देखते लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मामले की छानबीन के लिए आईजी अजिताभ कुमार भी दरभंगा पहुंच चुके हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक अमले के आला अधिकारियों के साथ दोपहर में राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। उस बैठक के ठीक पहले हुई इस घटना ने पुलिस की कार्यवाही पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से 10 करोड़ की लूट, बीजेपी विधायक पुलिस पर भड़के

बीजेपी के दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने भी पुलिस पर सवाल उठाए हैं। इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे विधायक ने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय कम हो गया है। बता दें कि लूट की घटना संजय सरावगी के घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर हुई है।

दरभंगा के बड़ा बाजारा स्थित अलंकार ज्वेलर्स में हुई इस लूट को पुलिस ने राज्य में हाल के समय का सबसे बड़ा लूट करार दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों ने संभवतः वारदात को अंजाम देने से पहले दुकान सहित इलाके की रेकी की थी। पुलिस की टीम बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं पुलिस की अन्य टीमें आरोपियों की तलाशी में लगी हुई हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ और एक डॉग स्क्वायड को भी लगाया गया है।

लूट की इतनी बड़ी वारदात को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है और इसकी जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। एसएसपी एसआईटी टीम की अगुआई करेंगे और इसमें 10 अन्य पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। एडीजी (मुख्यालय) जीतेंद्र कुमार ने बताया कि एसआईटी अपना काम शुरू कर चुकी है और राज्य की राजधानी व आसपास के इलाकों में छापेमारी जारी है।

दरभंगा में हुई इस लूट की घटना पर विपक्ष ने नीतीश कुमार की सरकार पर हमला बोला है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव एक सीसीटीवी फूटेज को शेयर करते हुए ट्वीट किया है, ‘महाजंगलराज का महाडरावना नजारा।’

दरभंगा में हुई इस लूट की घटना पर विपक्ष ने नीतीश कुमार की सरकार पर हमला बोला है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव एक सीसीटीवी फूटेज को शेयर करते हुए ट्वीट किया है, ‘महाजंगलराज का महाडरावना नजारा।’

नेता प्रतिपक्ष ने लिखा है, ‘महाजंगलराज का महाडरावना नजारा। दरभंगा में सत्ता संरक्षित हथियारबंद अपराधी दिनदहाड़े भरे बाजार में कई राउंड फायरिंग कर 10 करोड़ का सोना लूट ले गए। चंद कदम दूर ही SP ऑफिस और BJP MLA का आवास है। जवाब कौन देगा, 30 साल पहले के CM या वर्तमान CM? काश! महाजंगलराज के महाराजा इस पर कुछ बोलते?’

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD