पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में मंगलवार को जहां दूसरे चरण के मत डाले गए वहीं तीसरे चरण को लेकर प्रचार भी तेज है. इस बीच जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सभा में मंच पर प्याज फेंकने की घटना हुई. इस दौरान हालांकि किसी को चोट नहीं आई है. इधर, जदयू ने इस घटना के लिए राजद को जिम्मेदार ठहराया है.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish kumar) मंगलवार को मधुबनी जिले के हरलाखी में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी एक-दो युवकों ने मंच पर प्याज उछाल दिया. मंच पर उपस्थित सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल नीतीश कुमार के बचाव में आ गए और मंच के सामने मुख्यमंत्री के आगे खड़े हो गए. इस दौरान नीतीश कुमार भी थोड़े नाराज हुए और युवकों से खूब फेंको, खूब फेंको कहा. हालांकि मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन नहीं रखा.
इस पर बिहार में राजनीति शुरू हो गई है. आरजेडी नेता सुबोध राय ने प्याज फेंके जाने की कड़ी भर्त्सना की है. आरजेडी नेता सुबोध राय ने कहा है कि लोकतंत्र में विरोध करने का ईवीएम सबसे बड़ा माध्यम है. लोगों को चाहिए कि एनडीए कैंडिडेट को वोट ना दें. किसी भी नेता पर चप्पल, प्याज या पत्थर फेंकना सही नहीं है.

उन्होंने कहा है कि एनडीए की संस्कृति यह हो सकती है लेकिन आरजेडी की नहीं है. जिस तरीके से भारतीय जनता पार्टी ने हमारे नेता तेजस्वी यादव पर चप्पल फेंकवाया था उसी तरह से प्याज भी फेंके जा रहे हैं.
वहीं, बीजेपी नेता प्रेम रंजन पटेल ने कहा है कि सीएम पर प्याज फेंकना हताशा का परिचायक है. आरजेडी को पता है कि वो हार रहा है इसलिए हताशा में है और इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है. ऐसे कर्मों सो वो हारेंगे ही और अपना भविष्य भी खराब कर रहे हैं.
Source : Zee News



