पटना: बिहार सरकार ने ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) के 2,446 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नियुक्ति केवल नौकरी प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि समाज के वंचित और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नव-नियुक्त कर्मियों से ईमानदारी, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया।
इन पदों पर हुई नियुक्ति
नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में 62 प्रखंड परियोजना प्रबंधक, 195 जीविकोपार्जन विशेषज्ञ, 463 प्रखंड आईटी एग्जीक्यूटिव, 160 लेखापाल, 168 कार्यालय सहायक, 338 क्षेत्रीय समन्वयक और 1,060 सामुदायिक समन्वयक शामिल हैं।
महिलाओं का आर्थिक योगदान बढ़कर 1.36 लाख करोड़ रुपये
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2006-07 में राज्य की अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बेहद सीमित थी, लेकिन आज जीविका के माध्यम से महिलाओं का आर्थिक योगदान बढ़कर 1.36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने इसे बिहार में महिलाओं की बढ़ती आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता का मजबूत उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं से लगातार संवाद के आधार पर सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये प्रतिमाह की गई है। इसके अलावा, पिछले एक वर्ष से राज्य के 1.70 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 1.81 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में 10,000 रुपये की पहली किस्त भेजी जा चुकी है। उनके अनुसार, ये सभी पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह तथा जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

