टना, 18 अगस्त 2025 – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक, टेक्निकल ब्लॉक, लैब, प्रशासनिक भवन और क्लासरूम का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली।

क्लासरूम में मौजूद छात्र-छात्राओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें अच्छी तरह पढ़ाई करने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने की सलाह दी।

निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं संस्थान के निदेशक डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि इस संस्थान की स्थापना वर्ष 1973 में ‘बिहार इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक डेवलपमेंट’ के नाम से सामाजिक-आर्थिक विकास के क्षेत्र में शोध एवं प्रबंधन के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान में यहां स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के प्रोफेशनल कोर्स संचालित हो रहे हैं।

पिछले तीन वर्षों में संस्थान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 90 प्रतिशत से अधिक प्लेसमेंट सुनिश्चित किया है। टाइम्स बी-स्कूल सर्वे 2025 में संस्थान ने देश के शीर्ष 15 प्रबंधन संस्थानों में स्थान प्राप्त किया है।

संस्थान बाजार और कॉर्पोरेट जगत की जरूरतों को ध्यान में रखकर पाठ्यक्रम संचालित करता है। कम फीस की वजह से समाज के कमजोर वर्गों के छात्र भी प्रबंधन और कंप्यूटर शिक्षा का लाभ उठा रहे हैं। बड़ी संख्या में छात्र बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से भी आच्छादित हैं।

संस्थान के सभी कोर्स AICTE से मान्यता प्राप्त हैं और यह आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना से सम्बद्ध है। यहां एक सक्रिय स्टार्ट-अप सेल भी कार्यरत है, जो भावी उद्यमियों को प्रशिक्षण और उद्योग स्थापित करने के लिए मेंटरिंग प्रदान करता है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD