पटना, 11 अगस्त 2025 — मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज एम्स गोलंबर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिलान्तर्गत की गई घोषणाओं से संबंधित 138.5 करोड़ रुपये की लागत वाले एम्स गोलंबर-जानीपुर-पैनापुर नेव (जंक्शन ऑफ बिहटा-सरमेरा पटना रिंग रोड) (कुल लंबाई 10.5 किमी) पथ के 2 लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास किया।

इसके साथ ही, 73.06 करोड़ रुपये की लागत से नौबतपुर-मसौढ़ी पथ के 17वें किमी पर नौबतपुर लख में 1.015 किमी लंबे फ्लाईओवर निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेवा में बिहटा-सरमेरा पथ से संपर्कता स्थापित होने के बाद फुलवारीशरीफ, एम्स, दानापुर, नौबतपुर जैसे पश्चिमी पटना क्षेत्रों के लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। फ्लाईओवर निर्माण से नौबतपुर लख के जाम से मुक्ति और मसौढ़ी तक सुगम आवागमन संभव होगा। इससे औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास में तेजी आएगी।

ज्ञातव्य है कि यह पथ एनएच-139 फोर लेन एम्स से होकर बभनपुरा, जानीपुर, अकबरपुर, पुनपुन सुरक्षा बांध होते हुए बिहटा-सरमेरा (6 लेन) को जोड़ेगा, जिससे पश्चिमी पटना का विकास गति पकड़ेगा।

इसके बाद कोथवां, रुपसपुर नहर पर आयोजित कार्यक्रम स्थल से 71.48 करोड़ रुपये की लागत वाले खगौल नेहरु पथ का अशोक राज पथ-रुपसपुर नहर पथ तक (कुल लंबाई 6.9 किमी) फोर लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि दानापुर-बिहटा एलिवेटेड पथ से संपर्कता मिलने पर पूरे क्षेत्र की आबादी और पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन के यात्रियों को सहूलियत होगी।

इसके अलावा, पाटली पथ के नीचे आयोजित कार्यक्रम स्थल से 143.86 करोड़ रुपये की लागत से दीघा-एम्स पाटली पथ को दानापुर की तरफ नेहरु पथ से जोड़ने के कार्य का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे दीघा से खगौल तक के लोगों को लाभ मिलेगा, नेहरु पथ की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम कम होगा।

इसी स्थान से 318.51 करोड़ रुपये की लागत से रुपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक (कुल लंबाई 2.7 किमी) नेहरु पथ के दोनों तरफ भूमिगत नाला निर्माण और चौड़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। यह निर्माण तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी पटना क्षेत्र के यातायात को सुदृढ़ करेगा।

इसके अतिरिक्त, 21.35 करोड़ रुपये की लागत से नेहरु पथ से गोला रोड (कुल लंबाई 2.20 किमी) पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। गोला रोड क्षेत्र में बढ़ती आबादी, हाई-राइज बिल्डिंग्स और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को देखते हुए यह परियोजना महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के तहत पटना शहरी (पश्चिमी क्षेत्र) में पथ निर्माण विभाग की 6 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य शीघ्र शुरू कर तेजी से पूर्ण करें। इन योजनाओं से पश्चिमी पटना में यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या कम होगी और जेपी सेतु से एम्स तक पहुंचना आसान होगा।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधान पार्षद रविंद्र कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुदुकलकट्टी, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अभियंता और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD