MUZAFAFRPUR : बिजली उपभोक्ताओं के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा तोहफा दिया है। माननीय मुख्यमंत्री के ऐतिहासिक एवं जनहितकारी फैसले के तहत अब सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली पूरी तरह मुफ्त मिलेगी। इस योजना का लाभ जुलाई 2025 की खपत के आधार पर मिलेगा और इसका असर अगस्त 2025 में जारी होने वाले बिलों में दिखेगा।

मुख्यमंत्री 12 अगस्त को पटना से बिजली उपभोक्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पूरे राज्य में होगा, ताकि हर उपभोक्ता योजना की पूरी जानकारी और लाभ समझ सके।

मुजफ्फरपुर में मुख्य कार्यक्रम आरडीएस कॉलेज के समीप, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (डीसीआर कैंपस) में आयोजित होगा। इसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन करेंगे।

इसके अलावा जिले के 133 स्थानों पर भी कार्यक्रम होंगे, जहां मुख्यमंत्री के संवाद का लाइव वेबकास्टिंग किया जाएगा, जिससे उपभोक्ता सीधे जुड़ सकेंगे। डीसीआर कैंपस का स्थलीय निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता और कार्यपालक अभियंताओं से तैयारी की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उप विकास आयुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) को कार्यक्रम के कुशल प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।आईटी मैनेजर व डीआईओ को लाइव वेबकास्टिंग की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD