बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्विटर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि अब सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को प्रति माह ₹1100 की पेंशन मिलेगी। पहले यह राशि ₹400 प्रति माह थी, जिसे अब बढ़ाकर लगभग तीन गुना कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नई दर जुलाई महीने से लागू होगी और सभी लाभार्थियों को हर महीने की 10 तारीख को यह राशि उनके बैंक खातों में भेजना सुनिश्चित किया जाएगा। इस निर्णय से 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।

नीतीश कुमार ने ट्वीट में लिखा –

मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को अब हर महीने 400 रु॰ की जगह 1100 रु॰ पेंशन मिलेगी। सभी लाभार्थियों को जुलाई महीने से पेंशन बढ़ी हुई दर पर मिलेगी। सभी लाभार्थियों के खाते में यह राशि महीने की 10 तारीख को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा। इससे 1 करोड़ 9 लाख 69 हजार 255 लाभार्थियों को काफी मदद मिलेगी।

वृद्धजन समाज का अनमोल हिस्सा हैं और उनका सम्मानजनक जीवन-यापन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयत्नशील रहेगी।

सरकार के इस कदम को समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के लिए एक बड़ा राहतभरा फैसला माना जा रहा है। इससे न सिर्फ वृद्धजनों और दिव्यांगजनों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने की दिशा में भी मजबूती मिलेगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD