मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में सोमवार को सीतामढ़ी और शिवहर जिलों का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रगति यात्रा के समय की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की जानकारी अधिकारियों से ली और कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

सीतामढ़ी जिले में मुख्यमंत्री ने बागमती नदी पर मीनापुर–बेलसंड पथ के चंदौली घाट में 70.89 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उच्चस्तरीय आरसीसी पुल और पहुंच पथ का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इसके बाद बेलसंड प्रखंड के ग्राम पंचायत चंदौली स्थित पीएमश्री हितनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय में नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन किया। यहीं आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से 554.12 करोड़ रुपये की लागत से कुल 67 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 208.12 करोड़ रुपये की लागत से 26 योजनाओं का उद्घाटन और 346 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने हितनारायण इंटरस्तरीय विद्यालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 386 लक्षित परिवारों को 1 करोड़ 19 लाख 84 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। साथ ही 4813 जीविका स्वयं सहायता समूहों की 19 हजार 124 दीदियों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 252 करोड़ रुपये की सहायता राशि का सांकेतिक चेक दिया गया। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उनके आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए हर संभव सहयोग कर रही है।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री शिवहर जिले पहुंचे, जहां उन्होंने देवकुली स्थित बाबा भुवनेश्वरनाथ मंदिर परिसर में 11.89 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की गई पर्यटकीय सुविधाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने मंदिर परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया और तालाब के चारों ओर सीढ़ी घाट निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने बाबा भुवनेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

शिवहर में मुख्यमंत्री ने बुडको द्वारा निर्मित कमलेश्वरी नंदन सिंह बस पड़ाव निर्माण पथ का भी उद्घाटन किया। बस स्टैंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रिमोट के माध्यम से 59 करोड़ रुपये की लागत से 103 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 42 करोड़ रुपये की लागत से 75 योजनाओं का उद्घाटन और 17 करोड़ रुपये की लागत से 28 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर जीविका स्वयं सहायता समूहों को 15 करोड़ 1 लाख रुपये तथा 6509 समूहों को बैंक लिंकेज के जरिए 125 करोड़ रुपये की सहायता राशि का सांकेतिक चेक दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 37 लाभुकों को 99 लाख 75 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया।

इस दौरान जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, सांसद लवली आनंद, सांसद देवेशचंद्र ठाकुर, विधायक सुनील कुमार पिंटू, पंकज कुमार मिश्र, रामेश्वर कुमार महतो, अमित कुमार, चेतन आनंद, विधायक श्वेता गुप्ता, विधान पार्षद रेखा कुमारी, वंशीधर ब्रजवासी, पूर्व सांसद राम कुमार शर्मा, पूर्व मंत्री रंजू गीता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडे, शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD