मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को सड़क मार्ग से पटना से राजगीर के लिए निकले. इस दौरान उन्होंने राजगीर और नवादा के इलाके में गंगा जल उद्वह योजना की कार्यप्रगति का जायजा लिया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. इसके बाद वो सड़क मार्ग से ही गया के लिए रवाना हो गये. सीएम नीतीश कुमार ने यहां पहुंच कर तेतर और मानपुर में प्रगति का जायजा लिया. वो गया के ऐतिहासिक सीताकुंड पहुंचे, इसके बाद फल्गु नदी जाकर निर्माणाधीन रबर डैम का मुआयना लिया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रस्तावित लक्ष्मण झूला के निर्माण योजना का भी जायजा लिया.

मुख्यमंत्री ने फल्गु नदी में बहने वाले मनसरवा नाला के प्रति काफी गंभीरता दिखलायी और इसके लिए बनाए जा रहे डीपीआर में बदलाव करने का निर्देश दिया. उन्होंने गंगा उद्वह योजना के तहत सबसे पहले तेतर और मानपुर के अबगिला में बन रहे वाटर रिजर्ब डैम के कार्यों का जायजा लिया.

बता दें कि गंगा उद्वह योजना सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है जिसके तहत गंगा नदी के पानी को लिफ्ट कर राजगीर, नालंदा, नवादा और गया जिला में लाना है. जिले के अंतर्गत जेठीयन के समीप तेतर गांव में विशाल वाटर रिजर्व डैम बनाया जा रहा है. गया शहर को निर्वाह पेयजल उपलब्ध कराने हेतु गंगाजल संचय के लिए मानपुर के अबगिला में बड़ा वाटर रिजर्व डैम बनाया जा रहा है. यहां स्टोर किये गए गंगाजल को संशोधन करने के बाद शहरवासियों के घरों तक पहुंचाया जाना है.

फल्गु नदी में सालों भर पानी जमा रखने का इंतजाम
ऐतिहासिक विष्णुपद मंदिर के समीप फल्गु नदी में 270 करोड़ रुपये की लागत से रब्बर डैम का निर्माण कार्य जारी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस योजना का भी निरीक्षण किया. बता दें कि इस डैम के निर्माण हो जाने के बाद विष्णुपद मंदिर के समीप फल्गु नदी में सालों भर पानी का जमाव रहेगा जिससे यहां हर साल आने वाले लाखों पिंडदानियों को काफी सहूलियत होगी.

इसी स्थान पर 70 करोड़ रुपये की लागत से लक्ष्मण झूला का भी निर्माण होना है, जो फल्गु नदी के एक तरफ देवघाट तो दूसरी तरफ सीता कुंड को जोड़ेगा. इसका निर्माण होने के बाद न सिर्फ यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सहूलियत होगी, बल्कि यह एक दर्शनीय स्थल के रूप में भी विकसित होगा.
Source : News18
हेलो! मुजफ्फरपुर नाउ के साथ यूट्यूब पर जुड़े, कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ेगा 😊 लिंक 👏




