जाले विधायक एवं नगर विकास व आवास मंत्री जिवेश कुमार ने आरोप लगाया है कि रविवार को सिंहवाड़ा प्रखंड के रामपट्टी में उनकी हत्या की साजिश रची गई थी। मंत्री ने कहा कि उनके ऊपर बड़ा पत्थर फेंककर हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन थाना प्रभारी की तत्परता से उनकी जान बच गई।

सोमवार को दरभंगा सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने बताया कि घटना के दौरान एक युवक उनकी गाड़ी के बोनट पर चढ़ गया और डंडे से शीशा तोड़ दिया। बाद में उसने खुद अपने कपड़े फाड़े और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

जिवेश कुमार ने कहा, “मेरे सवाल का जवाब तेजस्वी यादव दें। जब वही पत्रकार कह रहा है कि मंत्री बिना जवाब दिए लौट गए, तो फिर हमला हमने कैसे किया?”

इस घटना को लेकर मंत्री के सहयोगी संजय कुमार पाल ने सिंहवाड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें दिलीप और उसके साथियों को आरोपित किया गया है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD