पटना। बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। देश की पहली पटना–नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द ही पटरियों पर दौड़ने वाली है। इसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का वीडियो साझा करते हुए इसकी झलक दिखाई है। पोस्ट में कहा गया है कि आने वाले समय में रेल यात्रा पहले से अधिक आरामदायक, तेज और प्रीमियम होने वाली है।

काफी समय से पटना के यात्रियों को इस हाईटेक ट्रेन का इंतजार था। अब इसके शुरू होने से राजधानी दिल्ली तक का सफर नई पहचान पाएगा। अत्याधुनिक तकनीक और आरामदायक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन भारतीय रेलवे की स्लीपर श्रेणी में एक नया मानक स्थापित करने जा रही है।

160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की सबसे बड़ी खासियत इसकी गति होगी। यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने में सक्षम होगी, जिससे पटना और नई दिल्ली के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।

16 कोच, 827 यात्रियों की क्षमता

प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे। इनमें 11 एसी-3 टियर, 4 एसी-2 टियर और 1 एसी-1 टियर कोच शामिल रहने की संभावना है। ट्रेन में लगभग 827 यात्रियों के सफर की क्षमता होगी। किराये को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह राजधानी एक्सप्रेस के बराबर या उसके आसपास हो सकता है।

हफ्ते में छह दिन संचालन की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, पटना–नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत को सप्ताह में छह दिन चलाया जा सकता है। यह ट्रेन पटना से शाम के समय प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह नई दिल्ली पहुंचेगी। यात्रियों को राजधानी एक्सप्रेस जैसी सुविधाओं के साथ रातभर आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।

हाईटेक सुविधाओं से लैस

स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। ट्रेन में वाई-फाई, इंफोटेनमेंट स्क्रीन, आधुनिक शौचालय और आरामदायक बर्थ की व्यवस्था होगी। सुरक्षा के लिहाज से हर कोच में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि भारतीय रेलवे में यह पहली स्लीपर ट्रेन होगी, जिसे इतने आधुनिक सिस्टम से तैयार किया गया है।

पटना–नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत के शुरू होने से न केवल बिहार को बड़ी सौगात मिलेगी, बल्कि यह ट्रेन देश में लंबी दूरी की प्रीमियम रेल यात्रा को एक नई दिशा भी देगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD