दीपावली और छठ पर्व के दौरान बिहार लौटने वाले प्रवासियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे और विमानन कंपनियों ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। राज्य में हर साल की तरह इस बार भी हजारों प्रवासी अपने घर लौटने वाले हैं। त्योहार के साथ-साथ इस वर्ष विधानसभा चुनाव भी निर्धारित हैं, इसलिए प्रशासन लोगों की यात्रा को सुगम बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा।

भारतीय रेलवे ने अब तक 51 पूजा स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल जारी किया है, जो बिहार के विभिन्न जिलों को दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु समेत कई बड़े शहरों से जोड़ेंगी। वहीं, अलग-अलग विमान कंपनियों ने 11 अतिरिक्त फ्लाइट्स के संचालन की घोषणा की है। ये सेवाएँ मुख्य रूप से पटना से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और बेंगलुरु के बीच उपलब्ध रहेंगी।

पटना एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, पर्वों के दौरान प्रतिदिन लगभग 4000 अतिरिक्त यात्रियों के आने-जाने की संभावना है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसके लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं ताकि यात्रियों को भीड़ के बावजूद किसी प्रकार की परेशानी न हो।

एयर किराया हुआ सस्ता, अतिरिक्त फ्लाइट्स से राहत

दीपावली और छठ के दौरान बढ़ती मांग के चलते हवाई किराए में पिछले माह भारी उछाल देखा गया था। दिल्ली से पटना का किराया जहाँ ₹20,000 से ऊपर पहुँच गया था, वहीं पुणे और अहमदाबाद से आने वाले यात्रियों को ₹23,000 से ₹25,000 तक चुकाने पड़े। हालाँकि, अतिरिक्त फ्लाइट्स शुरू होने के बाद किरायों में कमी आई है, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

इन रूट्स पर चलेंगी अतिरिक्त फ्लाइट्स
• एयर इंडिया: दिल्ली–पटना–दिल्ली, मुंबई–पटना–मुंबई और बेंगलुरु–पटना–बेंगलुरु मार्ग पर एक-एक अतिरिक्त फ्लाइट।
• इंडिगो: दिल्ली–पटना–दिल्ली रूट पर तीन और अहमदाबाद–पटना–अहमदाबाद पर एक विशेष उड़ान।
• एयर इंडिया एक्सप्रेस: दिल्ली और बेंगलुरु से पटना के बीच एक-एक अतिरिक्त सेवा।
• स्पाइसजेट: पटना से दो नए मार्गों पर अतिरिक्त विमान सेवा शुरू करेगी।

रेलवे का विशेष इंतज़ाम

रेल मंत्रालय ने बताया कि पूजा स्पेशल ट्रेनों की संख्या जरूरत के अनुसार और बढ़ाई जा सकती है। इन ट्रेनों में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और प्लेटफॉर्म प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सहज हो।

सरकार का लक्ष्य है कि छठ पूजा के बाद ही विधानसभा चुनाव की तिथियाँ तय की जाएँ, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने घर पहुँच सकें और लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Input : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD