बिहार की प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर अब राजनीति के मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। हाल ही में उन्होंने भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की। इस बैठक में उनके पिता रमेश ठाकुर भी मौजूद थे।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान मैथिली ठाकुर के राजनीति में सक्रिय होने पर सहमति बनी है। माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें दरभंगा के अलीनगर या मधुबनी के बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बना सकती है।

विनोद तावड़े ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि उन्होंने नित्यानंद राय से आग्रह किया है कि मैथिली ठाकुर को अवसर दिया जाए, क्योंकि वे लगातार बिहार की सेवा में लगी हैं। उन्होंने कहा कि मैथिली ठाकुर जैसी युवा और प्रेरक हस्ती के राजनीति में आने से समाज सेवा के प्रति युवाओं में नई ऊर्जा आएगी।

मैथिली ठाकुर को भाजपा का टिकट मिलने की चर्चा के साथ ही स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, वहीं प्रशंसकों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD