MUZAFFARPUR : श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुचारु आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने समाहरणालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया और समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नियंत्रण कक्ष की स्थापना, चिकित्सा शिविर, ट्रैफिक प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई जैसी आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से प्रतिदिन कार्य प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने फकुली मोड़ से बाबा गरीब नाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग को सुविधाजनक बनाने का निर्देश दिया। मार्ग में स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, विश्राम स्थल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई और कचरा निष्पादन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मेला अवधि में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कुमार गौरव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा। जिला प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराते हुए श्रावणी मेला 2026 का शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करना है।













