मुजफ्फरपुर जिले में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार, आवागमन व्यवस्था में सुधार और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने बुधवार को चंदवारा पुल निर्माणाधीन स्थल एवं उसके आसपास के इलाकों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न घटकों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चंदवारा पुल और आसपास के क्षेत्र में तेजी से काम पूरा करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने चंदवारा पुल निर्माण के तहत हो रहे कार्यों का जायजा लेते हुए स्पष्ट कहा कि यह परियोजना शहर के यातायात तंत्र को सुगम बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए संबंधित विभाग पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने पुल के समीप के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए भी नगर निगम को उचित कदम उठाने का निर्देश दिया।

खुदीराम बोस चिता स्थल का कार्य मई तक पूरा करने का निर्देश
जगन्नाथ मिश्रा कालेज स्थित चंदवारा पुल फेज-2 परियोजना के अंतर्गत खुदीराम बोस चिता स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने वरीय परियोजना अभियंता, पुल निर्माण निगम लिमिटेड को मई तक हर हाल में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही चिता स्थल के आसपास सौंदर्यीकरण और संरचनात्मक सुधार का कार्य समयबद्ध तरीके से करने का निर्देश नगर निगम को दिया।

फेज-2 में 5 मौजा की 11.8218 एकड़ भूमि का होगा अर्जन
फेज-2 के अंतर्गत जेल चौक से सिपाहपुर (पुराना एच० दरभंगा रोड) तक डॉक्टर जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज के निकट निर्माणाधीन पुल के फेज-2 के तहत पांच मौजा—सरैया चकमुस्तफा उर्फ सिपाहपुर, हरपुर, दामोदरपुर, भगवतीपुर एवं चक मोहब्बत—की कुल 11.8218 एकड़ भूमि का भू-अर्जन किया जाना है। रैयतों की आपत्तियों की सुनवाई जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारा की जाएगी और उसके बाद धारा 19(1) के तहत अधिघोषणा प्रकाशित की जाएगी। इस पूरे कार्य की निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को सौंपी गई है।
फेज-2 के भू-अर्जन कार्य को एक सप्ताह में आगे बढ़ाने का आदेश
फेज-2 के तहत होने वाले भू-अर्जन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को अधिनियम की धारा 19(1) के तहत प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सिपाहपुर क्षेत्र में भू-अर्जन से संबंधित रैयतों की दर्ज आपत्तियों के त्वरित निष्पादन का निर्देश भी दिया गया।

जगन्नाथ मिश्रा फेज-1 में बिटुमिनस कार्य फरवरी तक शुरू करने का लक्ष्य
जगन्नाथ मिश्रा फेज-1 के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश वरीय परियोजना अभियंता, पुल निर्माण निगम लिमिटेड मुजफ्फरपुर को दिया। उन्होंने कहा कि यह सड़क निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का अहम हिस्सा है, इसलिए इसे हर हाल में समय पर पूर्ण किया जाए। फेज वन के तहत अर्जित भूमि के मुआवजा भुगतान की जानकारी देते देते हुए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि चंदवारा पुल के प्रथम फेज के तहत अर्जित भूमि के अधिकतम रैयतों का मुआवजा भुगतान कर दिया गया है।

विद्युत पोल शिफ्टिंग की प्रक्रिया में तेजी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि निर्माण क्षेत्र में कुछ विद्युत पोल कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। इस पर उन्होंने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को विद्युत पोल शिफ्टिंग का प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

चंदवारा/अखाड़ाघाट पुल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का निर्देश
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम एवं सुचारु बनाने तथा आम लोगों की आवाजाही को आसान बनाने हेतु शहर में लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी है। इस क्रम में जिलाधिकारी ने अखाड़ाघाट और चंदवारा पुल और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों पर चर्चा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पुल से होकर गुजरने वाले मार्ग पर अतिक्रमण बड़ी समस्या बनते जा रही हैं। इसलिए अंचलाधिकारी मुसहरी एवं अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी को तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि जनजीवन आसान हो तथा आम लोगों को सुविधा हो।
जिलाधिकारी के इस निरीक्षण अभियान से मुजफ्फरपुर में आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण और शहर को बेहतर स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से संवेदनशील एवं गंभीर है। उम्मीद है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी परियोजनाएं पूर्ण होने पर शहर की यातायात व्यवस्था, सौंदर्य, स्वच्छता और शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।







