मुजफ्फरपुर जिले में सड़क, पुल और पुलिया निर्माण कार्यों ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। जिला प्रशासन की सतत निगरानी और योजनाबद्ध क्रियान्वयन के कारण जिले की आधारभूत संरचना लगातार मजबूत हो रही है। इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुविधाओं में सुधार हो रहा है, बल्कि आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिल रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सड़क और पुल निर्माण को जिले के समग्र विकास की रीढ़ मानते हुए इन कार्यों पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी सुव्रत कुमार सेन ने चांदनी चौक (एनएच-28) से बखरी (एनएच-57) पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। पथ निर्माण विभाग द्वारा क्रियान्वित इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 89.77 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। कुल 7.65 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ कार्य में तेजी लाने का निर्देश संबंधित कार्यपालक अभियंता को दिया, ताकि यह मार्ग शीघ्र आम जनता को समर्पित किया जा सके।

इसके बाद जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा बाजार समिति परिसर में निर्मित प्रशासनिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के समुचित प्रबंधन, रखरखाव और प्रभावी संचालन के निर्देश दिए, जिससे इसका उपयोग प्रशासनिक एवं सार्वजनिक हित में बेहतर ढंग से हो सके।

जिलाधिकारी ने सोडा गोदाम से चंदवारा बांध के बीच निर्माणाधीन उच्च स्तरीय आरसीसी पुल के पहुंच पथ तथा जेल चौक से खुदीराम बोस चिता स्थल तक सड़क निर्माण कार्य (फेज-1 एवं फेज-2) का भी जायजा लिया। इस परियोजना के लिए 12,093.11 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। फेज-1 के तहत पहुंच पथ का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और शीघ्र ही इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं फेज-2 का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी योजनाएं तय समय-सीमा में पूर्ण हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए कलर कोडिंग और रूट निर्धारण प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक को दिया गया।

सड़क, पुल और संपर्क पथों के निर्माण से मुजफ्फरपुर जिले का बुनियादी ढांचा सशक्त हो रहा है, जो आने वाले समय में जिले के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD