मुजफ्फरपुर जिले के क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क को मजबूती देने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर रुन्नीसैदपुर–कटरा–क्वेटसा पथ को राज्य उच्च पथ (State Highway) में उत्क्रमित करने का प्रस्ताव भेजा है। यह पथ तीन प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों — एनएच-22 (पुराना एनएच-77), एनएच-527सी और एनएच-27 (पूर्वी-पश्चिमी कॉरिडोर) — को सीधे जोड़ने का कार्य करेगा।

प्रस्तावित मार्ग की कुल लंबाई 37.505 किलोमीटर है, जिसे दो खंडों में विभाजित किया गया है। प्रथम खंड की लंबाई 24.180 किलोमीटर तथा द्वितीय खंड की लंबाई 13.325 किलोमीटर है। यह मार्ग रुन्नीसैदपुर (एनएच-22 एवं एसएच-87), बोकची/कटरा (एनएच-527सी) और क्वेटा चौक (एनएच-27) को आपस में जोड़ता है।

वैकल्पिक मार्ग से होगी दूरी में कटौती
वर्तमान में इन तीनों प्रमुख स्थलों के बीच की दूरी लगभग 90.82 किलोमीटर है, जिससे भारी वाहनों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। लेकिन अगर यह मार्ग राज्य उच्च पथ में परिवर्तित कर दिया जाता है, तो एक वैकल्पिक शॉर्टकट रूट के रूप में यह दूरी घटकर 37.505 किलोमीटर रह जाएगी। इससे करीब 25.30 किलोमीटर की दूरी की बचत होगी, जिससे परिवहन में लगने वाला समय भी घटेगा और ईंधन की खपत में भी कमी आएगी।

क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
यह नया मार्ग दरभंगा, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी जैसे प्रमुख जिलों के बीच न्यूनतम दूरी तय करने में सहायक होगा। साथ ही, यह क्षेत्रीय व्यापार, कृषि और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। मार्ग का उन्नयन होने से भारी वाहनों की आवाजाही आसान हो सकेगी, जिससे इन जिलों के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

यातायात दबाव में आएगी कमी
एनएच-77 और एनएच-27 पर पहले से ही भारी ट्रैफिक दबाव रहता है। प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग से इन मार्गों पर ट्रैफिक लोड कम किया जा सकेगा और यात्रियों को सुगम आवागमन का अनुभव मिलेगा।

जिलाधिकारी के इस प्रस्ताव पर अगर राज्य सरकार और पथ निर्माण विभाग सकारात्मक कार्रवाई करते हैं, तो यह क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD