MUZAFFARPUR : जिले में शत-प्रतिशत किसानों का निबंधन एवं ई-केवाईसी सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। किसानों को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन लगातार प्रखंडों का भ्रमण कर कार्यों की गहन समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को डीएम ने औराई, कटरा एवं गायघाट प्रखंडों का दौरा कर फार्मर रजिस्ट्री और पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं पाए जाने पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए न सिर्फ एक राजस्व कर्मचारी को निलंबित किया, बल्कि तीन प्रखंडों के कुल 18 कर्मियों का वेतन भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया।

50% पीएम किसान, 70% ओवरऑल लक्ष्य—अन्यथा कार्रवाई

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक हलके में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के कम से कम 50 प्रतिशत लाभुकों तथा ओवरऑल 70 प्रतिशत किसानों का निबंधन बुधवार की शाम तक हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही शनिवार की शाम तक 100 प्रतिशत निबंधन और ई-केवाईसी पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया गया।

उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले कर्मियों के विरुद्ध निलंबन अथवा नियोजन-मुक्ति जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

महा अभियान के तहत हो रहा किसान निबंधन

डीएम ने बताया कि 2 फरवरी से 6 फरवरी तक पूरे जिले में किसान निबंधन का महा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की प्रतिदिन उच्चस्तरीय समीक्षा की जा रही है। सभी संबंधित कर्मियों को पूरी जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने प्रत्येक अंचल में टीम गठन, पंचायतवार छूटे किसानों की सूची तैयार करने, फोन कॉल के माध्यम से किसानों को सूचित करने तथा वसुधा केंद्र और विशेष शिविरों के माध्यम से निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आज 10,171 किसानों का निबंधन, कुल आंकड़ा 1.79 लाख पार

मंगलवार को जिले भर में कुल 10,171 किसानों का निबंधन किया गया। इसके साथ ही अब तक 1,79,003 किसानों का रजिस्ट्रेशन पूरा हो चुका है, जिनमें से 1,09,077 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुक हैं।

मंगलवार को सर्वाधिक निबंधन:
• बोचहा – 1,642
• बरूराज – 1,000
• सरैया – 967

वहीं मुरौल, सकरा और साहेबगंज प्रखंडों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया, जिस पर डीएम ने वरीय अधिकारियों को कैंप कर तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया।

वरीय अधिकारियों को प्रखंडों में कैंप करने का आदेश

डीएम ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंडों में कैंप करेंगे और कर्मियों के बीच स्पष्ट दायित्व निर्धारण कर लक्ष्य पूरा कराएंगे। बुधवार की शाम 5 बजे समाहरणालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की जाएगी।

इसी क्रम में मरवन प्रखंड की वरीय पदाधिकारी डॉ अर्चना समीक्षा बैठक में अनुपस्थित पाई गईं। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने उनका एक दिन का वेतन स्थगित कर स्पष्टीकरण का निर्देश दिया।

गायघाट में राजस्व कर्मचारी प्रभात किरण राय निलंबित

गायघाट अंचल में समीक्षा के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई। ऑनलाइन दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस एवं फार्मर रजिस्ट्रेशन कार्यों में बेहद कमजोर प्रदर्शन पाया गया। फार्मर रजिस्ट्रेशन में मात्र 10 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।

इसे कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता मानते हुए डीएम ने राजस्व कर्मचारी प्रभात किरण राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय औराई निर्धारित किया गया है। साथ ही एक सप्ताह के भीतर आरोप पत्र गठित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है।

औराई, कटरा व गायघाट के 18 कर्मियों का वेतन बंद

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं ई-केवाईसी कार्यों में घोर लापरवाही बरतने पर औराई, कटरा और गायघाट प्रखंडों के कुल 18 कर्मियों का वेतन बंद कर दिया गया है तथा उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

गायघाट प्रखंड में 6 कर्मियों—
जितेंद्र कुमार मंडल, रोहित कुमार राम, हिमांशु कुमार (राजस्व कर्मचारी), नेहा कुमारी, मो. नईद जमाल और विकास कुमार सिंह (सर्वे अमीन) — का वेतन रोका गया है।

कटरा और औराई प्रखंडों में भी लक्ष्य से पीछे रहने वाले कर्मियों पर समान कार्रवाई की गई है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD