MUZAFFFARPUR : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इसी क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने शहर स्थित तीनों डिस्पैच सेंटरों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, समयबद्ध और सुरक्षित ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान सामग्री और पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान निर्विघ्न संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान डिस्पैच सेंटर का संचालन सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है, क्योंकि यहीं से मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाता है। उन्होंने कहा,
“हर डिस्पैच सेंटर पर समय से पूर्व संपूर्ण व्यवस्था तैयार कर ली जाए ताकि किसी स्तर पर कोई असुविधा या देरी न हो।”

तीन डिस्पैच सेंटर और उनके क्षेत्र
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान दलों और सामग्रियों के डिस्पैच हेतु तीन प्रमुख केंद्र स्थापित किए हैं:
1. एमआईटी मुजफ्फरपुर डिस्पैच सेंटर:
इस केंद्र से औराई, मीनापुर, कांटी, बरूराज और साहेबगंज विधानसभा क्षेत्रों के मतदान दलों और सामग्रियों को रवाना किया जाएगा।
2. जिला स्कूल मुजफ्फरपुर डिस्पैच सेंटर:
यहां से गायघाट, बोचहा और मुजफ्फरपुर शहरी विधानसभा क्षेत्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को भेजा जाएगा।
3. आरडीएस कॉलेज मुजफ्फरपुर डिस्पैच सेंटर:
इस केंद्र से सकरा, कुढ़नी और पारू विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान सामग्री और कर्मियों का प्रस्थान होगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हर सेंटर की पार्किंग, काउंटर व्यवस्था, पोलिंग पार्टी की ब्रीफिंग के लिए निर्धारित स्थल, बैरिकेडिंग और सामग्री वितरण की प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की।

ट्रैफिक और रूट चार्ट
जिलाधिकारी ने डीएसपी ट्रैफिक और जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग रूट चार्ट तैयार किए जाएं, ताकि डिस्पैच के दौरान किसी प्रकार की जाम या अव्यवस्था न उत्पन्न हो।
उन्होंने कहा,
“पोलिंग पार्टी और मतदान सामग्री के सुरक्षित और त्वरित आवागमन के लिए सुविचारित ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए जाएं, ताकि रास्ते में किसी भी प्रकार की बाधा या जाम न हो।”

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि डिस्पैच के दिन शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
सुव्यवस्थित व्यवस्था और कर्मियों की पर्याप्त तैनाती
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक डिस्पैच सेंटर पर ब्रीफिंग स्थल, काउंटर व्यवस्था और वाहन पार्किंग की योजना का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक काउंटर पर पर्याप्त संख्या में कर्मी तैनात रहें, ताकि सामग्री वितरण, हस्ताक्षर, ब्रीफिंग और प्रस्थान प्रक्रिया बिना किसी विलंब के पूरी की जा सके।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि डिस्पैच सेंटरों पर पोलिंग पार्टी की एंट्री और एग्जिट व्यवस्था अलग-अलग रखी जाए, ताकि भीड़भाड़ की स्थिति न बने। पर्याप्त लाइटिंग, पीने का पानी, प्राथमिक उपचार और शौचालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव कार्य अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया है और हर स्तर पर समन्वय और अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि
“हर डिस्पैच सेंटर पर सभी आवश्यक व्यवस्था एक दिन पहले तक पूर्ण हो जानी चाहिए, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था की संभावना न रहे। हर अधिकारी और कर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करना होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और मुजफ्फरपुर जिले को मतदान के प्रत्येक चरण में सुचारु, सुरक्षित और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।

निरीक्षण में वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विक्रम वीरकर, अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (पश्चिमी) श्रेयाश्री, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी फिरोज अख्तर, जिला परिवहन पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी समेत कई वरीय पदाधिकारी और संबंधित कोषांगों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।








