सोनपुर मंडल में चलाए जा रहे मेगा टिकट जांच अभियान के दौरान मुजफ्फरपुर स्टेशन पर एक बड़ी सफलता हाथ लगी। गाड़ी संख्या 11123 (ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस) के S-1 कोच में एक फर्जी टीटीई को यात्रियों से अवैध रूप से टिकट जांच करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

रेल प्रशासन द्वारा संचालित किलाबंदी टिकट जांच अभियान के तहत तैनात वरिष्ठ टिकट परीक्षक संतोष कुमार मीना को सुबह लगभग 08:00 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियाँ असामान्य लगीं। पूछताछ के दौरान वह व्यक्ति कोई वैध पहचान पत्र नहीं दिखा सका। जब गहनता से छानबीन की गई, तो उसकी पहचान रविंद्र कुमार (उम्र 35 वर्ष, निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

उसके पास से निम्न फर्जी दस्तावेज और सामग्री बरामद हुई:
• नकली रेलवे परिचय पत्र
• फर्जी मोबाइल टर्मिनल ऐप युक्त डिवाइस
• आधार कार्ड की फोटोकॉपी
• रेलवे का जाली मेडिकल कार्ड
• ₹4980 नकद
• नकली जॉइनिंग लेटर

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खुद को रेलकर्मी बताकर यात्रियों से टिकट जांच के नाम पर धन उगाही कर रहा था। लगभग 10:40 बजे उसे मुजफ्फरपुर थाने को सौंप दिया गया।

इस त्वरित कार्रवाई में सतर्कता दिखाने वाले वरिष्ठ टिकट परीक्षक संतोष कुमार मीना की सराहना वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार ने की है और उन्हें पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत और वर्दीधारी कर्मचारियों से ही संपर्क करें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना RPF या हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।

I just find myself happy with the simple things. Appreciating the blessings God gave me.