MUZAFFARPUR : कच्ची पक्की ओपी क्षेत्र के माधोपुर सुस्ता में शनिवार देर रात करीब 11 बजे अचानक लगी आग ने चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। इस घटना में दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सबसे पहले जैकी के जनरल स्टोर से आग की लपटें उठती दिखीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की तीन अन्य दुकानों तक फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

लोगों ने अपने स्तर पर पानी और बालू डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही कच्ची पक्की ओपी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का प्रतीत होता है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD