डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों पर नियंत्रण के लिए मुजफ्फरपुर नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। शनिवार को नगर आयुक्त विक्रम विरकर की अध्यक्षता में सभी अंचल निरीक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने साफ कहा कि निगम क्षेत्र के हर वार्ड में सतर्कता बढ़ाई जाए और सभी अंचल निरीक्षक खुद स्थल भ्रमण कर सुनिश्चित करें कि काम पूरी तरह से हो रहा है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि डेंगू प्रभावित घरों के 500 मीटर दायरे और अस्पताल परिसरों में एंटी-लार्वा छिड़काव अनिवार्य रूप से किया जाए।
क्या आपके इलाके में फॉगिंग हुई है या नहीं❓कमेंट में ज़रूर बताइए!

निगम की टीमें लगातार फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव कर रही हैं। प्रतिदिन सैकड़ों घरों तक पहुँचकर दवा छिड़की जा रही है ताकि मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोका जा सके। अभियान की निगरानी के लिए जियो-टैग फोटो और लॉग बुक रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। उप नगर आयुक्त स्तर से इन रिपोर्टों का सत्यापन प्रतिदिन किया जा रहा है।

निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों और आसपास पानी इकट्ठा न होने दें। यदि किसी क्षेत्र में फॉगिंग या एंटी-लार्वा छिड़काव की आवश्यकता हो, तो तुरंत नगर निगम हेल्पलाइन 155304 पर संपर्क करें।
नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने कहा – “यह अभियान तभी सफल होगा जब नगर निगम की कार्ययोजना के साथ-साथ नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी निभाएँ। स्वच्छता और सतर्कता ही डेंगू और मलेरिया से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।”










