मुजफ्फरपुर : बिहार सरकार द्वारा नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शुरू किए गए “बिहार आइडिया फेस्टिवल” का आज मुजफ्फरपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने किया। इस अवसर पर जिले के कई शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, नवाचार केंद्रों और युवाओं की सहभागिता देखी गई।

उद्घाटन संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि यह फेस्टिवल केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक युवा आंदोलन है जो बिहार की आर्थिक और सामाजिक दिशा को बदलने की क्षमता रखता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें।

इस फेस्टिवल के माध्यम से युवाओं, छात्रों, कारीगरों, किसानों और महिला समूहों को एक ऐसा मंच दिया जा रहा है, जहां वे अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत कर सकते हैं। चयनित विचारों को मेंटॉरशिप, नेटवर्किंग अवसर और फंडिंग (सीड फंड के रूप में ₹10 लाख तक) प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि बिहार आइडिया फेस्टिवल तीन चरणों—जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बल मिलेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान एलएन मिश्रा कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के प्राचार्य ने बताया कि उनके संस्थान के 3 स्टार्टअप को पहले ही बिहार स्टार्टअप नीति के तहत सहायता प्राप्त हुई है।
श्रीमती अनिशा, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) ने “जीविका टू स्टार्टअप: एंपावरिंग वुमन, फ्यूलिंग बिहार” विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने “दीदी की रसोई” जैसी पहलों का जिक्र किया जो विभिन्न संस्थानों और कार्यालयों में चल रही हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित किया कि वे नवाचार के माध्यम से आधी आबादी की जीवनशैली में बदलाव लाएं।
MIT मुजफ्फरपुर के डॉ. संजय कुमार और एलएन मिश्रा कॉलेज के डॉ. किशोर पार्थ ने स्टार्टअप मॉडल्स, फंडिंग स्कीम्स और बिजनेस प्लानिंग पर जानकारी दी और युवाओं को नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. एस.के. झा, विभागाध्यक्ष (प्रबंधन), एलएन मिश्रा कॉलेज ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों, विद्यार्थियों, जीविका कार्यकर्ताओं और मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा,
“बिहार आइडिया फेस्टिवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार की नवाचार क्रांति की शुरुआत है, जो राज्य को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगा।”









