पटना, 13 मई 2026 — बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) की योजनाओं की प्रगति को लेकर बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक स्वास्थ्य मंत्री के कार्यालय कक्ष में हुई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी शशांक शेखर सिन्हा समेत राज्य स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना (MM-JAY) के तहत चल रही विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति और उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति, पात्र लाभार्थियों तक योजना की पहुंच, अस्पतालों की सूचीबद्धता, मुफ्त इलाज, क्लेम सेटलमेंट और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।

समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने राज्य में आयुष्मान कार्ड कवरेज को और बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए और अधिक से अधिक सरकारी एवं निजी अस्पतालों को योजना से जोड़ा जाए, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण और कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सके।

बैठक में सभी जिलों में योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और जन-जागरूकता अभियान को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति की योजनाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

क्या है AB-PMJAY और MM-JAY योजना?
राज्य सरकार द्वारा आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

वहीं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना (MM-JAY) के माध्यम से ऐसे परिवारों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जा रहा है, जो AB-PMJAY में शामिल नहीं हैं। इन योजनाओं के तहत सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस और पेपरलेस इलाज की सुविधा दी जाती है।
सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को इलाज के दौरान होने वाले भारी खर्च से राहत देना और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। बिहार में इन योजनाओं का संचालन बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति द्वारा ट्रस्ट मोड में किया जा रहा है।

योजनाओं की अब तक की उपलब्धियां
* राज्य में अब तक करीब 1.69 करोड़ परिवारों और 4.11 करोड़ पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड जारी किया जा चुका है।
* अब तक 34.45 लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग 5315.61 करोड़ रुपये का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया गया है।
* बिहार में फिलहाल 434 सरकारी और 864 निजी अस्पताल समेत कुल 1298 अस्पताल योजना से सूचीबद्ध हैं।









