पटना: बिहार सरकार ने पर्यटन को नई दिशा देने की पहल करते हुए राजधानी पटना में ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ के तहत हेलीकॉप्टर जॉय राइड की शुरुआत कर दी है। इस नई सुविधा के जरिए अब पर्यटक और आम नागरिक पटना शहर का हवाई नजारा देख सकेंगे। योजना के पहले ही दिन 20 लोगों ने हेलीकॉप्टर से शहर की सैर का रोमांचक अनुभव लिया, जबकि करीब 80 लोगों ने पहले से अपनी सीट बुक करा ली है।
यह सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। फिलहाल पटना जॉय राइड को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, हालांकि राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए शुरू की गई हेली सेवाओं में अभी बुकिंग का इंतजार है।
10 मिनट में आसमान से पटना का दीदार
‘पटना जॉय राइड’ के तहत मात्र 2,100 रुपये में 10 मिनट की हेलीकॉप्टर यात्रा कराई जाएगी। इस दौरान यात्री गंगा नदी, जेपी गंगा पथ, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब, बापू टावर समेत राजधानी के कई प्रमुख स्थलों का विहंगम दृश्य देख सकेंगे। हेलीकॉप्टर पटना एयरपोर्ट से दोपहर 3 बजे के बाद उड़ान भरेगा। प्रत्येक राइड 10 मिनट की होगी और हर 30 मिनट के अंतराल पर नई उड़ान संचालित की जाएगी। एक बार में अधिकतम पांच यात्री यात्रा कर सकेंगे।
राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए भी हवाई सेवा
योजना के तहत पटना से वाल्मीकिनगर, राजगीर और कैमूर तक भी हवाई सेवाएं शुरू की गई हैं। वाल्मीकिनगर के लिए छोटे विमान का उपयोग किया जाएगा, जिसमें 20 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। वहीं राजगीर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध रहेगी।
- पटना–वाल्मीकिनगर: प्रति यात्री ₹5,000
- पटना–राजगीर: प्रति यात्री ₹4,000
- पटना–कैमूर: प्रति यात्री ₹6,000
ये सेवाएं भी प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होंगी। यात्री अपने साथ 4 से 5 किलोग्राम तक सामान ले जा सकेंगे।
ऑनलाइन होगी टिकट बुकिंग
सभी सेवाओं की टिकटें बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन बुक की जाएंगी। सरकार की ओर से पर्यटकों को टूरिस्ट गाइड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि भोजन और स्थानीय भ्रमण की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं करनी होगी।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
राज्य सरकार का मानना है कि यह योजना बिहार के पर्यटन क्षेत्र को नई गति देगी। धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक हवाई पहुंच आसान होने से देश-विदेश के पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य बिहार को आधुनिक और आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करना है, जिसकी शुरुआत फिलहाल पटना जॉय राइड से की गई है।

