मुज़फ्फरपुर जिले में बिहार गृह रक्षा वाहिनी के स्वच्छ नामांकन के तहत होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथि में एक बार फिर बदलाव किया गया है। पहले यह परीक्षा 19 और 20 जून 2025 को होनी थी, लेकिन बारिश और ट्रैक पर फिसलन के चलते इसे स्थगित कर 3 और 4 जुलाई को पुनः निर्धारित किया गया था।

अब, लंगट सिंह महाविद्यालय द्वारा जिला प्रशासन को सूचित किया गया है कि 4 जुलाई को कॉलेज का स्थापना दिवस समारोह आयोजित होना है, जिसमें बिहार के माननीय राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति और सुरक्षा के दृष्टिकोण से शारीरिक दक्षता परीक्षा को पुनः स्थगित करने का अनुरोध किया गया।

इसके अतिरिक्त, समारोह के लिए हेलीपैड का निर्माण भी एलएस कॉलेज के खेल मैदान में किया जाना है। वहीं 5 और 6 जुलाई को मुहर्रम पर्व तथा इसके पश्चात श्रावण माह की प्रशासनिक तैयारियों के मद्देनज़र जिला प्रशासन की व्यस्तता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

वरीय जिला समादेष्टा कार्यालय, गृह रक्षा वाहिनी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 19 एवं 20 जून को स्थगित की गई परीक्षा, जो कि 3 और 4 जुलाई को निर्धारित थी, अब एक साथ 29 जून 2025 को आयोजित की जाएगी।

परीक्षा में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे नवीन तिथि के अनुसार तैयारी सुनिश्चित करें और निर्धारित समय पर परीक्षा स्थल पर उपस्थित हों।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD