बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी को 1990 से 2005 के दौर को याद करना चाहिए, जब बिहार में भय, भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल था।

नित्यानंद राय का कहना था कि उस दौर में मुख्यमंत्री समेत राजद के कई मंत्रियों के सरकारी आवास अपराधियों के अड्डे बन चुके थे। अपराधी बिना डर के आना-जाना करते थे और कई बार वहीं ठहरा करते थे। उन्होंने कहा कि उस समय बिहार को बदनाम और बीमार राज्य कहा जाने लगा था।

वर्तमान सरकार की बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि एनडीए शासन में कानून-व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। कोई भी अपराधी अब कानून के शिकंजे से नहीं बच सकता। अपराधियों को सख्त सजा दी जा रही है और देशभर में बिहार के विकास की चर्चा हो रही है।

उन्होंने बताया कि सड़कों की स्थिति बेहतर हुई है, बिजली आपूर्ति सुचारु है, अस्पतालों में इलाज की सुविधा बढ़ी है और किसानों की हालत में सुधार आया है। ये सब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से संभव हो पाया है।

नित्यानंद राय ने वर्ष 2020 का भी जिक्र किया, जब राजद को लगा था कि वह सत्ता में लौट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान दो दिनों तक राज्य में उनके कार्यकर्ताओं ने उत्पात मचाया था, जो उनके “चरित्र” को दिखाता है।

अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जुलाई को मोतिहारी आने वाले हैं और हर बार की तरह इस बार भी बिहार के लिए विकास की कई सौगातें लेकर आएंगे। मोतिहारी के लोग इस यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

I am a skilled and dedicated content writer specializing in creating innovative and creative content. My writing style incorporates diversity and accuracy, providing readers with informative and engaging...