मुजफ्फरपुर जिले में औद्योगिक विकास को गति देने, उद्योगपतियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा प्रशासन और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में एक बार फिर “उद्योग वार्ता” का आयोजन किया गया। यह बैठक बेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित आरटीडी कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुई, जिसमें जिले के विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि, उद्यमी और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

उद्योग वार्ता के दौरान उपस्थित उद्योगपतियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित संवाद से उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान संभव हो पाया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की सक्रियता और संवेदनशीलता के कारण औद्योगिक गतिविधियों में निरंतरता बनी है और निवेश को लेकर विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है।

उद्योगपतियों ने विशेष रूप से बेला औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत ट्रिपिंग की समस्या के समाधान पर संतोष व्यक्त किया। पहले बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से उत्पादन प्रभावित होता था, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था, लेकिन अब स्थिति में काफी सुधार हुआ है और उत्पादन कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। इसके लिए उन्होंने जिला पदाधिकारी के प्रति आभार प्रकट किया।

इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस द्वारा की जा रही नियमित पेट्रोलिंग और सतत निगरानी को लेकर भी उद्यमियों ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से न केवल उद्यमियों बल्कि श्रमिकों और कर्मचारियों को भी सुरक्षित वातावरण मिल रहा है, जिससे औद्योगिक कार्यों में सहजता आई है।

बैठक में स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि उपयुक्त स्थल चिन्हित कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शनी और विपणन का अवसर मिल सके। साथ ही, औद्योगिक इकाइयों के उत्पादों को सरकारी विभागों से जोड़ने के लिए भी संबंधित विभागों को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।

उद्योग वार्ता के दौरान मार्केटिंग से जुड़ी समस्याएं, औद्योगिक क्षेत्र में मनोरंजन सुविधाओं का अभाव तथा तालाबों के जीर्णोद्धार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि जिला प्रशासन उद्योगों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उद्योग वार्ता का उद्देश्य समस्याओं का समयबद्ध व व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने इसे मुजफ्फरपुर के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।









