पटना, 21 जुलाई 2026: बिहार में पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (BSTDC) के राजगीर स्थित होटल अजातशत्रु विहार के संचालन के लिए लीजधारी और Welcomhotel (ITC समूह) के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौते के तहत होटल अजातशत्रु का संचालन Welcomhotel by ITC ब्रांड के अंतर्गत किया जाएगा। इस अवसर पर ITC समूह के प्रबंध निदेशक अनिल चड्डा और कलशी बिल्डकॉन के निदेशक सुमित सिंह कलशी ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार पर्यटन के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। राजगीर, नालंदा, बोधगया सहित राज्य के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित आतिथ्य समूहों की भागीदारी से बिहार का पर्यटन क्षेत्र नई पहचान हासिल करेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि होटल अजातशत्रु का संचालन ITC समूह द्वारा किए जाने से राजगीर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान होटल अजातशत्रु विहार परियोजना का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। बताया गया कि करीब 2.67 एकड़ में फैले इस होटल परिसर में 104 आधुनिक कमरे, एक बड़ा बैंक्वेट हॉल और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अन्य आतिथ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना को 1 मार्च 2027 तक पूरा कर होटल का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा, BSTDC के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर, ITC समूह के प्रबंध निदेशक अनिल चड्डा, कलशी बिल्डकॉन के निदेशक सुमित सिंह कलशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

I just find myself happy with the simple things. Appreciating the blessings God gave me.