जन अधिकार पार्टी (जाप) अध्यक्ष पप्पू यादव ने पहले चरण के उम्मीदवारों की लिस्ट मंगलवार को जारी कर दी है। पप्पू यादव ने कटोरिया विधानसभा से रोजमेरी किस्कू, तारापुर से कर्मवीर भर्ती, जमालपुर से महेश यादव, लखीसराय से विमल कुमार, शेखपुरा से अजय कुमार को उम्मीदवार बनाया है।

 

पप्पू यादव ने रविवार 5 अक्टूबर को कहा था कि उनकी जाप और उनका पीडीए गठबंधन घरों में बैठकर ट्वीट-ट्वीट नहीं खेलते बल्कि सड़कों पर उतरकर संघर्ष करते हैं। ऑल इंडिया माइनॉरिटी फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद एसएम आसिफ और ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के राष्ट्रीय अध्यक्ष वसी अहमद द्वारा पीडीए को समर्थन देने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ये बातें कही।

पप्पू यादव ने कहा कि एनडीए हो या महागठबंधन वहां छोटे दलों को सम्मान नहीं दिया जाता। महागठबंधन में कांग्रेस की जिम्मेदारी थी कि छोटे दलों की हिफाजत करती मगर पार्टी ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने विकासशील इंसान पार्टी के मुकेश सहनी और रालोसपा अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के बारे में कहा कि उनके लिए पीडीए का दरवाजा खुला है।  इस अवसर पर अर्जक अधिकार दल, आजाद भारत पार्टी, इंडियन बिजनेस पार्टी, शोषित समाज पार्टी, राष्ट्रीय जन उत्थान पार्टी, पिछड़ा समाज पार्टी और भारतीय संगम पार्टी ने भी पीडीए को समर्थन देने की घोषणा की।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD