जेडीयू ने विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2020) को लेकर सभी 115 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है. एनडीए में जेडीयू को मिली 122 सीटों में 7 सीटें जीतन राम मांझी की हम पार्टी को दी गई है. लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इस लिस्ट में पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय का नाम नहीं है.

दरअसल, गुप्तेश्वर पांडेय ने रिटायरमेंट से पांच महीने पहले ही वीआरएस ले लिया था और महज पांच दिनों के अंदर उन्होंने नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को भी ज्वाइन कर लिया. उनके बक्सर से विधानसभा चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे थे लेकिन बक्सर जिले की चारों सीट में दो सीट राजपुर और डुमराव जेडीयू के खाते में आई है. डुमरांव से अंजुम आरा और राजपुर से संतोष निराला को टिकट दिया गया है.

गुप्तेश्वर पांडेय का क्या होगा?
अब ऐसे में बड़ा सवाल ये भी उठ रहा है कि आखिर गुप्तेश्वर पांडेय का क्या होगा? कयास लगाया जा रहे हैं कि गुप्तेश्वर पांडेय को बीजेपी टिकट दे सकती है. बक्सर जिले की दो सीटें ब्रह्मपुर और बक्सर से बीजेपी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है. हालांकि, वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं और इसके लिए भी अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है.

वहीं, आज जेडीयू की प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने दावा किया कि नीतीश कुमार ही बिहार के अगले सीएम होंगे और जेडीयू बिहार में शानदार प्रदर्शन करेगी और तीन चौथाई बहुमत के साथ एनडीए फिर से सरकार बनाएगी.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जमकर हंगामा
हालांकि, जेडीयू की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जमकर हंगामा हुआ. जेडीयू की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नालंदा जेडीयू के कुछ नेता घुस गए. सभी अस्थावां से जितेंद्र कुमार को टिकट देने का विरोध कर रहे थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच जमकर नारेबाजी भी हुई.

पार्टी कार्यालय में मौजूद समर्थक टिकट वापस लेने की मांग करने लगे. इस दौरान महिला कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थी. बाद में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी ने लोगों को शांत कराया तब जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हुई.

हंगामा कर रहे लोग भी प्रेस कांफ्रेंस में लगी कुर्सियों पर बैठे. जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण ने कहा कि हमारी सरकार ने सबके विकास के लिए काम किया. पहले लोग गड्ढे में सड़क खोजते थे, अब टोलों तक में सड़क बन गई है. बिहार में ऐतिहासिक काम हुआ, वृक्षारोपण का काम क्या किसी दल के एजेंडे में है. देश में गरीबों की हितैषी नरेंद्र मोदी की सरकार है.

Input: Zee News Bihar Jh

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD