मुज़फ्फरपुर, बिहार की रहने वाली मान्या सिंह आज देश की प्रेरणादायक महिला उद्यमियों में गिनी जाती हैं। वह ब्रांड्सग्लोबल मीडिया की संस्थापक एवं निदेशक और टीम एसडीजी फाउंडेशन की निदेशक हैं। उन्होंने इंडिया सीएसआर एंड सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव और राष्ट्रीय नारी सम्मान जैसे प्रभावशाली मंचों की स्थापना कर सामाजिक बदलाव और व्यावसायिक उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित किया है।

मान्या का बचपन पिता की अनुशासित सरकारी सेवा और माँ की मेहनत व लगन को देखते हुए बीता। एल.एन. मिश्रा कॉलेज ऑफ़ बिज़नेस मैनेजमेंट से स्नातक के बाद वह दिल्ली आईं और यूपीएससी की तैयारी शुरू की। इसी दौरान रिच डैड पुअर डैड किताब ने उनके सोचने का नजरिया बदल दिया। छह महीने की नौकरी के बाद उन्होंने अपना वित्तीय फर्म शुरू किया, लेकिन आरबीआई के नियम बदलने से कारोबार बंद हो गया।

असफलता से न घबराते हुए मान्या ने पीआर, ब्रांड मैनेजमेंट और इवेंट्स के क्षेत्र में कदम रखा और ब्रांड्सग्लोबल मीडिया को कॉर्पोरेट जगत का भरोसेमंद नाम बना दिया। टीम एसडीजी फाउंडेशन के माध्यम से वे शिक्षा, भूख उन्मूलन, कौशल विकास, स्वास्थ्य, आजीविका और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय हैं।

मान्या का कहना है — “यह तो बस शुरुआत है, मैं और अधिक लोगों व संगठनों की मदद करना चाहती हूँ और ऐसे आयोजन करना चाहती हूँ जो याद रह जाएँ।” उनकी सफलता की कहानी यह साबित करती है कि बिहार के छोटे शहर से लेकर देश के बड़े कॉर्पोरेट बोर्डरूम तक, सपनों की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD