MUZAFFARPUR : शहर के सुनियोजित सुव्यवस्थित विकास, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण और बढ़ती आबादी के दबाव को संतुलित करने के उद्देश्य से मुजफ्फरपुर आयोजना क्षेत्र के विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिलाधिकारी- सह- अध्यक्ष, जिला आयोजना प्राधिकार सुब्रत कुमार सेन ने इस संबंध में हितधारकों और आम नागरिकों से 5 मई 2026 तक सुझाव एवं आपत्ति आमंत्रित की हैं। इसके आधार पर शहर के लिए संशोधित, विस्तारित एवं व्यावहारिक प्लानिंग तैयार करने की योजना है। इससे सुनियोजित, वैज्ञानिक एवं आधुनिक तरीके से शहर का दीर्घकालिक, समावेशी एवं टिकाऊ विकास किया जा सकेगा।

आयोजना क्षेत्र के विस्तार का मूल उद्देश्य शहर और उसके आसपास के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों को एकीकृत योजना के तहत लाना है। वर्तमान में मुजफ्फरपुर नगर क्षेत्र सीमित दायरे में है, जबकि शहरीकरण का प्रभाव आसपास के पंचायत और प्रखंड क्षेत्रों तक फैल चुका है। ऐसे में बिना योजना के विकास से अव्यवस्था, अतिक्रमण और आधारभूत सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है।

प्रस्तावित विस्तार के तहत नए क्षेत्रों को शामिल कर एक समेकित मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा, जिसमें सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, हरित क्षेत्र और यातायात व्यवस्था को वैज्ञानिक ढंग से विकसित किया जाएगा। इससे अनियोजित निर्माण पर नियंत्रण लगेगा और शहर का विकास संतुलित रूप से हो सकेगा।

वर्तमान में मुजफ्फरपुर आयोजना क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 265.71 वर्ग किलोमीटर है, जिसमें 216.63 वर्ग किलोमीटर ग्रामीण क्षेत्र एवं 47.01 वर्ग किलोमीटर शहरी है।

प्रस्तावित विस्तार के तहत 162.58 वर्ग किलोमीटर नये क्षेत्र को शामिल किया जाएगा। इसके बाद विस्तारित आयोजना क्षेत्र का कुल दायरा बढ़कर 428.29 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा। इस विस्तारित क्षेत्र में 361.004 वर्ग किलोमीटर ग्रामीण क्षेत्र, 7.41 वर्ग किलोमीटर सेंसस टाउन क्षेत्र तथा 59.85 वर्ग किलोमीटर शहरी क्षेत्र शामिल होगा।

यह विस्तार प्रस्ताव आगामी 20 वर्षों की संभावित आबादी और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। विशेष रूप से तिरहुत ग्रीन फील्ड सैटलाइट टाउनशिप और उससे सटे शहरी क्षमता वाले ग्रामीण क्षेत्रों को इसमें शामिल किया गया है, ताकि क्षेत्र का संतुलित और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जा सके।

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, प्रस्तावित विस्तारित आयोजना क्षेत्र की कुल जनसंख्या 11,04,629 है जो आने वाले वर्षों में और बढ़ने की संभावना है।

प्रस्तावित आयोजना क्षेत्र के अंतर्गत तीन शहरी प्रशासनिक इकाइयाँ—नगर निगम मुजफ्फरपुर, नगर परिषद कांटी एवं नगर पंचायत माधोपुर सुस्ता—शामिल हैं। इसके अलावा 5 सेंसस टाउन तथा कुल 274 राजस्व ग्राम को भी इस योजना में शामिल किया गया है।

ब्लॉकवार शामिल गांवों का विवरण इस प्रकार है—
मुसहरी सीडी ब्लॉक: 116 राजस्व ग्राम
कांटी सीडी ब्लॉक: 59 राजस्व ग्राम
कुढ़नी सीडी ब्लॉक: 32 राजस्व ग्राम
मड़वन सीडी ब्लॉक: 44 राजस्व ग्राम
मीनापुर सीडी ब्लॉक: 12 राजस्व ग्राम
बोचहा सीडी ब्लॉक: 11 राजस्व ग्राम

जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा है कि आयोजना क्षेत्र के विस्तार से मुजफ्फरपुर का विकास सुव्यवस्थित, योजनाबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से किया जा सकेगा। इससे अनियोजित निर्माण पर रोक लगेगी और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने आम जनता से अपील की है कि प्रस्तावित विस्तारित क्षेत्र में शामिल राजस्व ग्रामों और प्रशासनिक इकाइयों के संबंध में अपने सुझाव और आपत्तियाँ निर्धारित तिथि तक अवश्य दर्ज कराएं, ताकि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित और प्रभावी मास्टर प्लान तैयार किया जा सके।

यह पहल मुजफ्फरपुर को भविष्य में एक आधुनिक, व्यवस्थित और रहने योग्य शहर के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD