PATNA : गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने पदभार संभालने के बाद शनिवार को मीडिया से बातचीत में आश्वस्त किया कि राज्य में बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा चालू कराने के लिए सरकार गंभीर और ठोस पहल करेगी।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता गन्ना किसानों का हित और उनकी आय में वृद्धि है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विभाग की सभी प्रक्रियाओं को तेज, पारदर्शी और आधुनिक तकनीक के उपयोग से मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बंद मिलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और जरूरत के अनुसार आवश्यक कदम उठाकर उनके पुनर्संचालन को सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसानों को समय पर भुगतान मिले और गन्ना उद्योग में नई ऊर्जा आए।

मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ईंख मूल्य भुगतान समय पर हो, मिल संचालन से संबंधित प्रक्रियाएँ सरल और जवाबदेहीपूर्ण हों तथा निगरानी व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाए।

इससे पहले ईंख आयुक्त अनिल कुमार झा ने मंत्री को मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना, बिहार राज्य गुड़ प्रोत्साहन कार्यक्रम सहित विभाग की प्रमुख योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD