MUZAFAFRPUR : नगर निगम मुजफ्फरपुर एवं स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने शहरवासियों के लिए एक अनूठी पहल की है। पहली बार नगर निगम द्वारा मोमेंटो डिज़ाइन ओपन प्रतियोगिता – 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता नागरिकों को अपनी कला, रचनात्मकता और कल्पनाशीलता को मंच देने के साथ-साथ मुजफ्फरपुर की सांस्कृतिक पहचान को एक नए स्वरूप में प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी।

इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य एक ऐसा आकर्षक मोमेंटो डिज़ाइन तैयार करना है जो नगर निगम की पहचान के साथ-साथ मुजफ्फरपुर की संस्कृति, ऐतिहासिक महत्व और स्वच्छता के संदेश को भी प्रदर्शित करे। नगर निगम का मानना है कि यह पहल न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी शहर की विशिष्टताओं को पहचान दिलाने में मददगार होगी।

• विजेता प्रतिभागी को ₹10,000/- नकद पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
• अन्य सभी प्रतिभागियों को उनकी सहभागिता के लिए प्रमाणपत्र दिया जाएगा।

आवेदन प्रक्रिया

प्रतिभागी अपनी डिज़ाइन निम्न माध्यमों से भेज सकते हैं:
• E-mail पर: [email protected]
• व्यक्तिगत रूप से जमा करें:
ICCC Building, इन्द्रा पार्क, सुतापट्टी, मुजफ्फरपुर – 842001

अंतिम तिथि: 15 सितम्बर 2025

नियम एवं शर्तें
• प्रतियोगिता सभी के लिए खुली है।
• डिज़ाइन पूरी तरह नया, मौलिक और रचनात्मक होना चाहिए।
• डिज़ाइन में मुजफ्फरपुर की विशेष पहचान झलकनी चाहिए।
• डिजिटल और हस्तनिर्मित, दोनों प्रकार की डिज़ाइन स्वीकार की जाएँगी।
• प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक डिज़ाइन ही भेज सकता है।
• नगर निगम चयनित डिज़ाइन में आवश्यकतानुसार संशोधन कर सकता है।
• चयन समिति का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होगा।

नगर आयुक्त विक्रम विरकर (IAS) ने कहा – “यह प्रतियोगिता केवल एक डिज़ाइन प्रतियोगिता नहीं है बल्कि यह मुजफ्फरपुर की कला, संस्कृति और स्वच्छता संदेश को जोड़ने का एक मंच है। हम चाहते हैं कि नागरिक अपनी रचनात्मकता से शहर की गौरवशाली पहचान को और मजबूत करें।”

यह प्रतियोगिता शहरवासियों के लिए अपनी कला और कल्पना को सामने लाने का सुनहरा अवसर है। जो मोमेंटो डिज़ाइन विजेता होगा, वही आने वाले समय में मुजफ्फरपुर की पहचान और शान के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा।

तो देर न करें, अपनी रचनात्मकता दिखाइए और बन जाइए शहर की शान का हिस्सा!

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD