मुजफ्फरपुर। प्रतिभा अगर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़े तो वह दुनिया के सबसे बड़े मंच तक पहुंच सकती है। इसका ताजा उदाहरण मुजफ्फरपुर के बैरिया स्थित आदर्श ग्राम के रहने वाले सत्यम कुमार हैं, जिन्होंने विजुअल इफेक्ट्स (VFX) की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्तमान में वह दुनिया की प्रतिष्ठित और आठ बार ऑस्कर विजेता VFX स्टूडियो DNEG में लीड टेक्निकल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

सत्यम पिछले पांच वर्षों से DNEG के साथ जुड़े हैं और उन्हें VFX इंडस्ट्री में आठ वर्षों का अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय और भारतीय फिल्मों एवं वेब सीरीज में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सबसे खास बात यह है कि सत्यम ने बहुप्रतीक्षित फिल्म “रामायण” पर लगभग चार वर्षों तक काम किया है। उन्होंने रामायण पार्ट-1 और पार्ट-2 दोनों में टीम लीड आर्टिस्ट के रूप में अपनी भूमिका निभाई है। यह परियोजना भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।

इसके अलावा सत्यम ने लगभग 15 बड़ी फिल्मों और स्ट्रीमिंग प्रोजेक्ट्स पर कार्य किया है। इनमें Ramayana, Toxic, The Boys Season 5 (Prime Video), Yo Gabba Gabba! (Apple TV+), Time Bandits (Apple TV+), जिसे प्रसिद्ध निर्देशक Taika Waititi ने निर्देशित किया है, Border 2, Air Force सहित कई अन्य प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।
सत्यम की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे मुजफ्फरपुर और बिहार का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनके पिता अशोक कुमार सिन्हा और माता चंचला सिन्हा ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा की बात करें तो सत्यम ने VFX की प्रोफेशनल ट्रेनिंग MAAC, दिल्ली से प्राप्त की, जबकि उनकी प्रारंभिक शिक्षा शांति निकेतन, ब्रह्मपुरा (मुजफ्फरपुर) से हुई।
मुजफ्फरपुर के बैरिया के आदर्श ग्राम से निकलकर वैश्विक मनोरंजन उद्योग में अपनी पहचान बनाने वाले सत्यम कुमार आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाएं भी मेहनत, समर्पण और कौशल के दम पर विश्वस्तरीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।













