मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। ईरान और अमेरिका के बीच जारी टकराव के बीच देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। शुक्रवार से लागू नई दरों के तहत पेट्रोल और डीजल करीब तीन रुपये तक महंगे हो गए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
Hike in fuel prices; Petrol prices rise from Rs 94.77 to Rs 97.77 per litre, while diesel prices increase from Rs 87.67 to Rs 90.67 per litre pic.twitter.com/sLk3rf6E42
— ANI (@ANI) May 15, 2026
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल अब 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर के भाव पर उपलब्ध है। चेन्नई में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता और पाबंदियों के कारण कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर वैश्विक बाजार पर पड़ रहा है, जिससे भारत जैसे तेल आयातक देशों में ईंधन महंगा हो रहा है।

हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से ईंधन की बचत करने की अपील की थी। उन्होंने लोगों को निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करने और जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम अपनाने की सलाह दी थी। इसके बाद से ही पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की संभावना जताई जा रही थी।

ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर परिवहन, रोजमर्रा के सामान और घरेलू बजट पर भी पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई बढ़ने की आशंका से आम जनता चिंतित नजर आ रही है।













