बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज़ हो गई है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है, और इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने बिहार की जनता से एनडीए को समर्थन देने की अपील की है।

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान निशांत कुमार ने कहा कि जनता को एनडीए गठबंधन को जिताना चाहिए ताकि नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री बन सकें।

उन्होंने राज्य सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में पिछले कुछ वर्षों में काफी प्रगति हुई है। उन्होंने एक करोड़ रोजगार देने, महिलाओं को 35% आरक्षण प्रदान करने जैसे कदमों को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया। निशांत के अनुसार, “सरकार ने शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है, और यह विकास आगे भी जारी रहना चाहिए।”

चुनाव तारीखों की घोषणा से पहले ही निशांत कुमार का नाम राजनीति में संभावित एंट्री को लेकर चर्चा में रहा था। पटना में उनके समर्थन में पोस्टर लगाए गए, जिनमें उन्हें “बिहार का भविष्य” बताया गया और जदयू में बड़ी भूमिका दिए जाने की मांग की गई थी।

हालांकि, अब तक निशांत या नीतीश कुमार ने राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन निशांत समय-समय पर बिहार सरकार के कार्यों की तारीफ करते रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भी जनता नीतीश कुमार और एनडीए पर भरोसा जताएगी और राज्य में विकास की रफ्तार बरकरार रहेगी।










