PATNA : शहरों में बढ़ती आबादी और आवास की मांग को देखते हुए अब कम जमीन पर ज्यादा ऊंची इमारतें बनाना आसान हो सकता है। नगर विकास विभाग ने फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे जल्द ही राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

फिलहाल शहरी क्षेत्रों में FAR की सीमा करीब 2.5 से 3 के बीच है। नई योजना के तहत इसे बढ़ाकर 5.5 से 6 तक किया जा सकता है। मंजूरी मिलने के बाद इस बदलाव को लागू करने के लिए बिल्डिंग बायलॉज में संशोधन किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के अनुसार, विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार हो चुका है और जल्द ही इसे कैबिनेट के सामने रखा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी, जिससे सीमित जमीन पर भी बड़े और बहुमंजिला भवनों का निर्माण संभव हो सकेगा।

इस कदम का सबसे अधिक फायदा व्यावसायिक क्षेत्रों को मिलने की उम्मीद है, जहां FAR में ज्यादा बढ़ोतरी की जा सकती है। इसके अलावा, पहले ही सरकार व्यावसायिक भवनों के लिए सेटबैक नियमों में ढील दे चुकी है, ताकि जमीन का अधिकतम उपयोग किया जा सके।

Input : Hindustan

नई व्यवस्था के तहत अब व्यावसायिक भवनों में प्लॉट के 60 से 70 प्रतिशत हिस्से पर निर्माण की अनुमति मिल सकती है, जबकि पहले यह सीमा करीब 40 प्रतिशत तक ही सीमित थी।

सरकार का मानना है कि इन बदलावों से शहरी ढांचे का बेहतर उपयोग होगा और तेजी से बढ़ती आबादी के लिए आवास व व्यावसायिक सुविधाएं विकसित करना आसान होगा।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD